रायगढ़
आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश
रायगढ़, 31 मई। भीषण गर्मी और ‘नौतपा’ के तपते दिनों के बीच रायगढ़ जिले के लोगों के लिए आसमान से राहत बरसी है। शनिवार शाम को अचानक मौसम ने करवट ली और काले बादलों ने पूरे शहर को अपने आगोश में ले लिया। तेज आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ शुरू हुई झमाझम बारिश ने न सिर्फ तापमान में भारी गिरावट ला दी है, बल्कि झुलसा देने वाली गर्मी से आम जनजीवन को बड़ी राहत दी है।
मौसम में हुए इस अचानक बदलाव का असर शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक देखने को मिल रहा है। तेज हवाओं और तूफानी रफ्तार के कारण कई जगहों पर बड़े-बड़े पेड़ों के धराशायी होने की खबरें सामने आ रही हैं। तेज आंधी और बारिश के कारण शाम करीब 7 बजे सुभाष चौक के पास एक भारी भरकम होर्डिग बोर्ड नीचे आ गिरा जिससे लोग बाल-बाल बचे वर्ना कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था। इसके साथ ही आकाशीय बिजली की तेज चमक और बादलों की भारी गडग़ड़ाहट ने लोगों को कुछ पल के लिए सहमा भी दिया। हालांकि, स्थानीय प्रशासन मुस्तैदी से स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


