रायगढ़
रायगढ़, 28 मई। रायगढ़ जिले में लंबे समय से फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए प्रत्येक माह पांच दिवस का विशेष अभियान ऑपरेशन क्लीन हंट चलाया जाता है। इसी क्रम में 20 मई से 25 मई तक चलाए गए विशेष अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुल 230 फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 76 स्थायी वारंटी एवं 154 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं।
माह मई के विशेष अभियान ऑपरेशन क्लीन हंट में स्थायी वारंट तामिली में थाना घरघोड़ा प्रथम स्थान पर रहा। जहां पुलिस टीम ने 17 स्थायी वारंट तामील किए। द्वितीय स्थान पर थाना चक्रधरनगर रहा जिसने 09 स्थायी वारंट तामील किए, जबकि थाना लैलूंगा 07 स्थायी वारंट तामील कर तृतीय स्थान पर रहा। इसी प्रकार गिरफ्तारी वारंट तामिली में थाना धरमजयगढ़ ने सर्वाधिक 28 गिरफ्तारी वारंट तामील कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
थाना चक्रधरनगर ने 27 गिरफ्तारी वारंट तामील कर द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि थाना छाल ने 22 गिरफ्तारी वारंट तामील कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में भी कई थानों को महत्वपूर्ण सफलता मिली। थाना घरघोड़ा पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया निवासी बरभौना थाना छाल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा। वहीं घरघोड़ा पुलिस ने फरार निगरानी बदमाश मोहसिन खान उर्फ गुरु पठान को भी गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
इसी प्रकार थाना चक्रधरनगर पुलिस ने मारपीट के मामले में फरार 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया। थाना भूपदेवपुर पुलिस ने रेप प्रकरण के फरार आरोपी को गिरफ्तार किया, वहीं थाना लैलूंगा पुलिस ने चोरी के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जिलेभर में चलाए गए इस अभियान से फरार अपराधियों में हडक़ंप की स्थिति बनी हुई है।


