रायगढ़

भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाएगा ईद-उल-जुहा, शांति समिति की बैठक
27-May-2026 3:16 PM
भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाएगा   ईद-उल-जुहा, शांति समिति की बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 26 मई।  ईद-उल-जुहा पर्व को जिले में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं पारंपरिक वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला कलेक्टोरेट स्थित सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों एवं मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने आपसी समन्वय, भाईचारे और सहयोग के साथ पर्व मनाने पर सहमति जताई। बैठक में एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं एसडीओपी, थाना प्रभारी, तहसीलदार, नगर निगम के अधिकारी तथा मुस्लिम समाज के प्रतिनिधिगण भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक के दौरान ईद-उल-जुहा पर्व के अवसर पर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, मस्जिदों, ईदगाहों एवं मदरसों के आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित करने, पर्याप्त पेयजल व्यवस्था, आवश्यक स्थानों पर पानी के टैंकर उपलब्ध कराने, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि जिले में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने समाज के प्रतिनिधियों से कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। किसी भी प्रकार का कम्युनिकेशन गैप न रहे। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्टरों पर प्रतिक्रिया देने से बचने की अपील भी की गई। मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि जिले में ईद-उल-जुहा पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा तथा किसी प्रकार की रैली अथवा जुलूस आयोजित नहीं किया जाएगा। नमाज एवं कुर्बानी की प्रक्रिया निर्धारित समयावधि में संपन्न होगी तथा पहले दिन रात्रि में भी कोई विशेष सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।

प्रतिनिधियों ने बताया कि 28 मई को नमाज का समय प्रात: 6 बजे से 10 बजे के बीच रहेगा।

समाज प्रमुखों द्वारा प्रशासन को जिले के विभिन्न मस्जिदों, ईदगाहों एवं मदरसों में आयोजित होने वाली नमाज के समय की जानकारी उपलब्ध कराई गई। साथ ही ईदगाह एवं मस्जिद परिसरों में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। इस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। बैठक में सभी पक्षों ने आपसी भाईचारे, समन्वय एवं पारंपरिक सौहार्द के साथ ईद-उल-जुहा पर्व मनाने पर सहमति व्यक्त की तथा जिले में पूर्व वर्षों की तरह शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की बात कही।


अन्य पोस्ट