रायगढ़

रिश्वत लेते जेई व लाईनमैन गिरफ्तार
26-May-2026 11:52 AM
रिश्वत लेते जेई व लाईनमैन गिरफ्तार

एसीबी की कार्रवाई

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
मनेंद्रगढ़, 26 मई। 
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग कार्यालय में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) को 9 हजार 500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

जानकारी के अनुसार मनेंद्रगढ़ के डोमनापारा निवासी रमेश ने बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन दिया था। आरोप है कि कनिष्ठ अभियंता मनीष कुमार बजाज और लाइनमैन राकेश शुक्ला ने कनेक्शन लगाने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग की थी। दोनों ने कहा था कि बिजली कनेक्शन कराने में खर्च आता है और पैसा देने पर ही घर तक कनेक्शन खींचा जाएगा।

इसके बाद पीडि़त रमेश ने मामले की शिकायत अंबिकापुर स्थित एसीबी कार्यालय में की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम सोमवार शाम को मनेंद्रगढ़ पहुंची और योजना के तहत रमेश को आरोपियों के पास भेजा गया। जैसे ही रमेश ने 9 हजार 500 रुपये की रिश्वत राशि जेई मनीष कुमार बजाज को दी, उसी दौरान पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम ने बिजली विभाग कार्यालय में जांच की और सहायक अभियंता से भी पूछताछ की,  वहीं गिरफ्तार जेई मनीष कुमार बजाज और लाइनमैन राकेश शुक्ला को टीम अपने साथ अंबिकापुर ले गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट