रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 24 मई। शहर के व्यस्ततम छातामुड़ा बाईपास रोड पर उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब वहां स्थित एक कबाड़ की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और आसमान को छूता काले धुएं का गुबार इतना भयंकर था कि इसे कई किलोमीटर दूर से ही देखा जा सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना छातामुड़ा बाईपास रोड पर स्थित हीरो मोटरसाइकिल शोरूम के ठीक बगल में मौजूद एक कबाड़ की दुकान की है। कबाड़ में रखे ज्वलनशील और प्लास्टिक के सामानों के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। दिन के उजाले में अचानक आसमान में काले धुएं का गुबार छाने से राहगीरों और आसपास के व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया।
हादसे की भयावहता को देखते हुए और हीरो शोरूम जैसे बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान के करीब होने के कारण, आसपास के लोगों ने बिना समय गंवाए मोर्चा संभाला। स्थानीय लोगों और पड़ोसी दुकानदारों ने अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने का प्राथमिक प्रयास शुरू कर दिया था।
गनीमत यह रही कि समय रहते अग्नि दुर्घटना की सूचना फायर ब्रिगेड (दमकल विभाग) को दे दी गई। ताजा जानकारी के मुताबिक, फायर ब्रिगेड की एक टीम दमकल वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और युद्ध स्तर पर आग पर काबू पाने की जद्दोजहद की जा रही है।
कबाड़ की दुकान से सटी अन्य दुकानों और विशेषकर हीरो शोरूम तक आग न पहुंचे, इसे लेकर दमकल कर्मी और स्थानीय लोग पूरी सावधानी बरत रहे हैं। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट या किसी लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ होगा।


