रायगढ़

बारहवीं में गांव के छात्रों ने पाई बड़ी कामयाबी
30-Apr-2026 3:19 PM
बारहवीं में गांव के छात्रों ने पाई बड़ी कामयाबी

कृष ने तीसरा और लोकनाथ ने 6वां स्थान किया हासिल

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 30 अप्रैल। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में इस बार रायगढ़ जिले से दो होनहार विद्यार्थियों की प्रेरणादायक सफलता ने सभी का ध्यान आकर्षित किया है। साधारण ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले इन छात्रों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर असाधारण उपलब्धि हासिल की है।

रायगढ़ जिले के छोटे से ग्राम कुरु के निवासी कृष महंत ने पूरे राज्य में तीसरा स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है। वहीं कारीछापर गांव के लोकनाथ मेहर ने राज्य में छठवां स्थान हासिल कर अपने गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। संसाधनों की सीमाओं के बावजूद इन दोनों विद्यार्थियों ने यह साबित कर दिया कि सच्ची लगन और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए कृष महंत ने इसे अपने माता-पिता और गुरुजनों के मार्गदर्शन और आशीर्वाद का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि वे नियमित रूप से पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करते थे और समय का सही उपयोग उनकी सफलता की कुंजी रहा। कृष ने आगे बताया कि उनका सपना भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में जाकर देश की सेवा करना है।

वहीं लोकनाथ मेहर ने भी अपनी इस उपलब्धि का पूरा श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार और शिक्षकों का सहयोग उन्हें निरंतर प्रेरित करता रहा। लोकनाथ का लक्ष्य आगे चलकर एक सफल एमबीबीएस डॉक्टर बनना है, ताकि वे समाज की सेवा कर सकें।

इन दोनों विद्यार्थियों की सफलता ने यह संदेश दिया है कि कठिन परिस्थितियाँ कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं, यदि संकल्प मजबूत हो। रायगढ़ जिले के ये दोनों छात्र आज न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा बन गए हैं।


अन्य पोस्ट