रायगढ़
एसपी से लगाई गुहार
रायगढ़, 29 अप्रैल। जिले के औद्योगिक क्षेत्र के रूप में तेज से विकसित हो रहे लाखा गांव के आसपास जमीन के लोभ में अवैध भूमि कब्जे का मामला भी सामने आने लगा है। एक पीडि़त आदिवासी ने आरोप लगाया है कि वर्दी का धौंस दिखाकर कोतवाली थाने में पदस्थ एक आरक्षक ने गांव के उसके हक और स्वामित्व वाली भूमि पर जबरन कब्जा करके नींव खोदना शुरू कर दिया है। पीडि़त आदिवासी ने इसकी शिकायत पुलिस कप्तान से करते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक के नाम सौंपे गए ज्ञापन पत्र में प्रेमसागर राठिया निवासी झिंगोल ने आरोप लगाया है कि लाखा में उसके नाम से प.ह.न. 28 खसरा नंबर 13-9 रकबा 0.101 हेक्ट. भूमि राजस्व अभिलेखों में दर्ज है। उक्त भूमि पर मनोज सिंह नाम का व्यक्ति जो वर्तमान में सिटी कोतवाली थाना में पदस्थ है, उसके द्वारा जबरन उसके हक व कब्जे की भूमि पर नींव खोदकर उसकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। प्रेमसागर राठिया ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपते हुए उक्त व्यक्ति के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के बाद हमारे संवाददाता से चर्चा करते हुए उसने कहा कि उसे जिले के संवेदनशील पुलिस अधीक्षक से काफी आशा है लेकिन यदि उसके हक व स्वामित्व वाली भूमि से कब्जा नही हटाया गया तो वह आगे पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन या आम अनशन जैसे प्रदर्शन भी कर सकता है।


