रायगढ़

ट्रांसपोर्ट ऑफिस में लूटपाट और तोडफ़ोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार
28-Apr-2026 3:31 PM
ट्रांसपोर्ट ऑफिस में लूटपाट और तोडफ़ोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 28 अप्रैल। जिला मुख्यालय के ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड में रविवार 26 अप्रैल की रात एक ट्रांसपोर्ट ऑफिस में मारपीट, लूटपाट और तोडफ़ोड़ की घटना हुई। इस मामले में पुलिस ने डकैती की धाराओं के तहत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वारदात स्पष्ट दिख रही थी।

कैदीमुड़ा निवासी उपेंद्र सिंह ने जूटमिल थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 26 अप्रैल की शाम वह अपने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कार्यालय जा रहे थे। रास्ते में खड़ी कार को लेकर कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया। युवकों ने उपेंद्र सिंह के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीडि़त बचने के लिए अपने ऑफिस की तरफ भागे। आरोपी उनका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गए। उन्होंने ऑफिस स्टाफ के साथ भी मारपीट की और कार्यालय में घुसकर तोडफ़ोड़ की। आरोपियों ने कर्मचारी बृजनंदन सिंह से मोबाइल फोन छीन लिया। नगदी काउंटर से हिसाब-किताब की डायरी और करीब 1.50 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।

पीडि़त की शिकायत के बाद जूटमिल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने पांच आरोपियों को अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शिवा पटेल उर्फ विक्की, सुखसागर सारथी उर्फ सागर, मनोज सारथी, लोकेश्वर साहू और गणेश दास महंत उर्फ नानु शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी को बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत जेल भेज दिया है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपने फरार साथियों के नाम बताए। उन्होंने टिकम और किशन महंत के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई रकम में से 370 रुपये बरामद किए हैं। आरोपियों ने बताया कि भागते समय कुछ रकम गिर गई थी और कुछ खर्च हो गई। पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


अन्य पोस्ट