रायगढ़

रेप का फरार आरोपी गिरफ्तार
26-Apr-2026 8:39 PM
रेप का फरार आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 26 अप्रैल। कोतवाली पुलिस को रेप के एक फरार आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। फरार चल रहे आरोपी भोजराम यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ की एक महिला ने 31 मार्च को थाना कोतवाली में लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जनवरी में भोजराम यादव निवासी ग्राम बरदुला से परिचय होने के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हुआ। पीडि़ता के अनुसार 16 जनवरी को जन्मदिन के बहाने आरोपी उसे रायगढ़ लाया और शारीरिक संबंध बनाए फिर काशीराम चौक बायपास रोड स्थित किराए के मकान में करीब 20 दिनों तक शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। बाद में 24 मार्च को आरोपी महिला को वापस ग्राम बरदुला ले गया, जहां शादी से इनकार करते हुए उसके साथ मारपीट की और धमकी देकर छोड़ दिया।

महिला की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में आरोपी के विरुद्ध धारा 69, 75(3), 115(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। अपराध दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया था, जिसकी लगातार पतासाजी की जा रही थी। ऑपरेशन तलाश के दौरान 23 अप्रैल को कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।


अन्य पोस्ट