रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 26 अप्रैल। महिला थाना रायगढ़ ने नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार 23 अप्रैल को महिला थाना में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी भानु सिदार (27) निवासी ग्राम डूमरमुड़ा थाना जूटमिल द्वारा उसकी नाबालिग बेटी के साथ गलत नियत से छेड़छाड़ की गई है। रिपोर्ट के अनुसार 22 अप्रैल को दोपहर करीब 3 बजे उसकी बेटी दुकान जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में निकले। खोजबीन के दौरान पड़ोस में सिदार के घर के पास नाबालिग घबराई हुई मिली, जिसने बताया कि रास्ते में भानु सिदार ने उसे रोककर गलत नियत से छेड़छाड़ की, जिससे वह किसी तरह स्वयं को छुड़ाकर भागी। घटना के बाद परिवार में सलाह-मशविरा कर पीडि़ता की मां ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई।
महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आरोपी के विरुद्ध धारा 74,75(1)(प) बीएनएस और 8 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध कायम किया गया तथा पुलिस टीम के साथ दबिश देकर आरोपी को उसके वर्तमान पते थाना चक्रधरनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


