रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 25 अप्रैल। रायगढ़ का एक और बड़ा सट्टा खाईवाल एजाज खान निवासी पतरापाली रायगढ़ ने कोतवाली पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया है। जुआ-सट्टा के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की सख्त और लगातार कार्रवाई के चलते पूर्व में दो बड़े खाईवाल पप्पू बरेठ और शहनवाज उर्फ सानू द्वारा आत्मसमर्पण किया जा चुका है, वहीं अब सानू का साला और सट्टा नेटवर्क से जुड़ा बड़ा नाम एजाज खान भी पुलिस के सामने सरेंडर करने को मजबूर हुआ है।
31 मार्च को मुखबिर सूचना पर कोतवाली पुलिस ने बापूनगर निवासी नरेंद्र दीप को सट्टा पट्टी लिखते रंगे हाथ पकड़ा था। उसके कब्जे से मोबाइल, 2070 रुपये नगद और सट्टा पट्टी जब्त की गई थी। पूछताछ में नरेंद्र दीप ने कमीशन पर सट्टा लिखना और इसके पीछे खाईवाल शहनवाज उर्फ सानू तथा एजाज खान के नेटवर्क का खुलासा किया था। इस आधार पर कोतवाली पुलिस ने जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6 के तहत अपराध दर्ज कर नरेंद्र दीप के साथ शहनवाज और एजाज खान को आरोपी बनाया था। नरेंद्र दीप को पूर्व में रिमांड पर भेजा गया था जबकि दोनों खाईवाल फरार थे। रायगढ़ पुलिस की लगातार दबिश और ऑपरेशन अंकुश के दबाव में पहले शहनवाज उर्फ सानू ने सरेंडर किया और अब कल आरोपी एजाज खान (30) निवासी टीपी नगर पतरापाली थाना कोतरारोड़ ने भी कोतवाली पहुंचकर आत्मसमर्पण किया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


