रायगढ़

गांजा तस्करी : 3 गिरफ्तार, एक की तलाश
26-Apr-2026 8:33 PM
गांजा तस्करी : 3 गिरफ्तार, एक की तलाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 26 अप्रैल। थाना पूंजीपथरा और थाना पुसौर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए गांजे की अवैध खेप बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में 23 अप्रैल को मुखबिर सूचना पर ग्राम तुमीडीह महुआ चौक पठान कॉलोनी के पास पुलिस ने दबिश दी, जहां कुछ व्यक्ति कार से गांजा लेकर ग्राहकों की तलाश में बैठे थे। थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों खिरोधर यादव निवासी जिला जशपुर और पुरुषोत्तम यादव निवासी ग्राम तुमीडीह को पकड़ा, जबकि एक आरोपी कार  लेकर मौके से फरार हो गया। विधिवत तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो थैलों में कुल 2.728 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 24,500 रुपये है। साथ ही गांजा बिक्री की 5,000 रुपये नगद रकम भी जब्त की गई। कुल 29,500 रुपये की जप्ती कार्रवाई करते हुए आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। फरार आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

ऑपरेशन आघात अभियान के तहत कल 25 अप्रैल को थाना पुसौर पुलिस ने मुखबिर सूचना पर ग्राम औरदा डीपापारा चौक में कार्रवाई करते हुए आरोपी साधराम सिदार (71 वर्ष) को गांजा बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार करते हुए रंगे हाथ पकड़ा। थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के निर्देशन में की गई घेराबंदी के दौरान आरोपी के कब्जे से 745 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत 7,450 रुपये है, बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना पुसौर में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।


अन्य पोस्ट