रायगढ़
महापौर सहित पार्षदों का धरना, 3 नाबालिग सहित 12 आरोपी गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 23 अप्रैल। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 31 की पार्षद त्रिनिशा चौहान और उनके परिवार के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। पार्षद ने सिटी कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने और दर्ज धाराओं को लेकर असंतोष जताते हुए महापौर सहित बीजेपी पार्षदों ने थाने में धरना दिया। इसके बाद 3 नाबालिग सहित 12 आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना उस समय की है जब पार्षद अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह से लौट रही थीं। समलेश्वरी मंदिर रोड पर वाहन हटाने को लेकर कुछ लोगों से विवाद हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया। पार्षद के अनुसार, दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके परिवार के साथ मारपीट की।
इस मामले में पार्षद की शिकायत पर पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया। हालांकि, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने और दर्ज धाराओं को लेकर असंतोष जताते हुए महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू सहित भाजपा पार्षद बुधवार दोपहर को सिटी कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। पुलिस अफसरों के आश्वासन के बाद शाम 4 बजे धरना समाप्त किया गया।
प्रदर्शन के दौरान पार्षदों ने आरोप लगाया कि आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने बताया कि मामले में कार्रवाई जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है।
हत्या के प्रयास और बलवा की धाराएं जोड़ी गईं
मरीन ड्राइव के पास हुई मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने 3 नाबालिग सहित 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में हत्या के प्रयास और बलवा की धाराएं जोड़ी गईं।
प्रार्थी चाहत जैन (27 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21 अप्रैल को शादी समारोह से लौटते समय शनि मंदिर के पास एक वाहन को लेकर विवाद हुआ। प्रार्थी के अनुसार, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए डंडे और अन्य वस्तुओं से हमला किया, जिसमें कई लोगों को चोटें आईं। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया और प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज किया। बाद में चोटों की प्रकृति के आधार पर गंभीर धाराएं जोड़ी गईं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


