रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 20 अप्रैल। थाना पुसौर परिसर में 18 अप्रैल को रायगढ़ पुलिस द्वारा एक व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह सहित पुलिस स्टाफ, जनप्रतिनिधि, कोटवार और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम में एसएसपी ने सामुदायिक पुलिसिंग को बेसिक पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि रायगढ़ पुलिस अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जन-जागरूकता के माध्यम से लोगों को सशक्त करने का कार्य कर रही है। उन्होंने चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान एलईडी स्क्रीन पर खौफ, द डिजिटल वार, कजरी, कोटपा और यातना जैसी जागरूकता फिल्मों का प्रदर्शन किया गया, जिससे उपस्थित लोगों को विभिन्न अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।
एसएसपी ने साइबर अपराध को वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि ठग लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने पुसौर क्षेत्र में एक रिटायर्ड शिक्षक के साथ हुई डिजिटल अरेस्ट ठगी का उल्लेख करते हुए बताया कि रायगढ़ पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई कर बेंगलुरु से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि किसी भी घटना की तत्काल सूचना पुलिस को देना अत्यंत आवश्यक है और इसमें ग्राम कोटवार एवं नागरिकों की भूमिका अहम है। इसी उद्देश्य से जिले में बीट सिस्टम को प्रभावी बनाया गया है, जहां प्रत्येक क्षेत्र में नियुक्त बीट आरक्षक को लोगों से सीधे जुडऩे की जिम्मेदारी दी गई है। कार्यक्रम में बीट प्रभारी और सभी बीट आरक्षकों का परिचय भी कराया गया। एसएसपी ने कहा कि वे किसी भी घटनाध्दुर्घटना की जानकारी बीट आरक्षक को दें, बीट आरक्षक थाना प्रभारी से समन्वय कर समस्या का निदान करेंगे।
उन्होंने नागरिकों को आगाह करते हुए कहा कि साइबर ठगी से बचने के लिए अनजान कॉल, वीडियो कॉल, लिंक और लालच भरे निवेश प्रस्तावों से दूर रहें। व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप में बिना सत्यापन के जुडऩे से भी बचें। वहीं नशे के विरुद्ध चल रही कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस सख्ती से कार्रवाई कर रही है, लेकिन समाज की जागरूकता ही सबसे प्रभावी उपाय है। कई गांवों में महिला समितियों द्वारा अवैध शराब के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभाना सराहनीय है।
नशे को लेकर उन्होंने कहा कि रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत एक माह में 2500 लीटर शराब पकड़ी, गांव-गांव में जहां शराब बिक रहा है, पुलिस कार्रवाई कर रही है, आप सूचना देंगे पुलिस कार्रवाई करेगी।
एसएसपी ने अपने संबोधन में समाज में बुजुर्गों के सम्मान पर विशेष जोर देते हुए कहा कि नई पीढ़ी को अच्छे संस्कार देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अब कानून न्याय आधारित है और नए प्रावधानों में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है, ऐसे में उनके पालन-पोषण से इंकार करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।
यातायात सुरक्षा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पुसौर क्षेत्र हाईवे से जुड़ा होने के कारण दुर्घटना की आशंका अधिक रहती है, इसलिए वाहन चालकों को गति नियंत्रण, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग तथा शराब सेवन के बाद वाहन न चलाने जैसे नियमों का पालन करना अनिवार्य है।


