रायगढ़

128 मोबाइल एसएसपी ने स्वामियों को सौंपे
20-Apr-2026 8:01 PM
128 मोबाइल एसएसपी  ने स्वामियों को सौंपे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 20 अप्रैल। साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा को लेकर रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।  साइबर पुलिस थाना रायगढ़ द्वारा गुम एवं चोरी हुए 128 मोबाइल फोन रिकवर कर उनके वास्तविक स्वामियों को वितरित किए गए।

जिले के थानों में गुम मोबाइल की शिकायतों के निराकरण हेतु भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा विकसित पोर्टल का उपयोग किया जा रहा है। जिले से संबंधित सभी शिकायतों की मॉनिटरिंग साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर के सुपरविजन में साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक और उनकी टीम द्वारा की जाती है। जैसे ही शिकायतकर्ता पोर्टल पर अपने गुम मोबाइल की जानकारी दर्ज करता है, संबंधित सिम ब्लॉक कर दी जाती है और इसकी सूचना साइबर थाना को प्राप्त होती है। इसके बाद पुलिस द्वारा मोबाइल को ट्रैकिंग में रखा जाता है और टेलीकॉम कंपनियों की मदद से उसमें नई गतिविधि होने पर सूचना मिलते ही कार्रवाई कर मोबाइल को रिकवर किया जाता है।

इसी क्रम में साइबर थाना टीम ने पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर कार्यवाही करते हुए 128 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक ट्रेस किए। ये मोबाइल बिहार, कोलकाता सहित सीमावर्ती जिले कोरबा, जांजगीर तथा रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़, घरघोड़ा, पूंजीपथरा, तमनार, छाल और खरसिया क्षेत्रों में उपयोग में पाए गए, जिन्हें संबंधित उपयोगकर्ताओं से संपर्क कर वापस प्राप्त किया गया और आज आयोजित कार्यक्रम में उनके स्वामियों को सौंपा गया। बरामद मोबाइल में ब्रांडेड और महंगे मोबाइल शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत 25 लाख 60 हजार रुपये से अधिक है।

कार्यक्रम के दौरान एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साइबर थाना के स्टाफ से मोबाइलों का वितरण कराया गया, उन्होंने कहा कि आज के समय में मोबाइल केवल संचार का साधन नहीं बल्कि बैंकिंग, महत्वपूर्ण दस्तावेज और व्यक्तिगत यादों को सहेज कर रखने का अहम माध्यम बन चुका है। ऐसे में मोबाइल गुम होना किसी भी व्यक्ति के लिए बड़ा नुकसान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी अन्य का गुम मोबाइल उपयोग करना गैरकानूनी है, इसलिए यदि किसी को मोबाइल मिले तो उसे तत्काल नजदीकी थाना या साइबर थाना में जमा करें, अन्यथा पुलिस ट्रैक कर संबंधित व्यक्ति तक पहुंचकर वैधानिक कार्रवाई करेगी।

कार्यक्रम में आज मोबाइल वापस मिलने पर कई ऐसे लोग भी मौजूद थे जिन्होंने अपने फोन मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी। मोबाइल पाकर वे भावुक हो उठे और एसएसपी सहित साइबर टीम का आभार व्यक्त किया तथा उनके साथ सेल्फी भी ली।


अन्य पोस्ट