रायगढ़

अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष ने बच्चों संग मनाया जन्मदिन
11-Apr-2026 6:03 PM
अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष ने बच्चों संग मनाया जन्मदिन

रायगढ़, 11 अप्रैल। घरघोड़ा शाला समिति अध्यक्ष एवं अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष गुरू नाम सिंह ने इस बार अपना जन्मदिन अनोखे अंदाज में मनाते हुए शासकीय प्राथमिक शाला धगरपारा, घरघोड़ा में बच्चों के साथ केक काटकर खुशियां साझा कीं। इस दौरान स्कूल परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

अपने जन्मदिवस के अवसर पर गुरू नाम सिंह ने बच्चों के बीच समय बिताते हुए उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बच्चों ने भी अपने अंदाज में उन्हें जन्मदिन की बधाई दी, जिससे पूरा माहौल भावुक और यादगार बन गया।

इस दौरान बच्चों में जूस, चाकलेट, मिष्ठान इत्यादि सामानों का भी वितरण किया।

उन्होंने कहा कि समाज की असली खुशी तभी है, जब हमारे बच्चे शिक्षित, सुरक्षित और खुशहाल हों।  गुरू नाम सिंह का यह कदम यह भी दर्शाता है कि जनप्रतिनिधि यदि चाहें तो छोटे-छोटे प्रयासों से समाज में बड़ी सकारात्मक सोच ला सकते हैं।

जन्मदिवस के अवसर  पर स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों की भी उपस्थिति रही, जिन्होंने गुरू नाम सिंह के इस कदम को सराहनीय बताया। यह आयोजन न केवल एक जन्मदिन का जश्न था, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और बच्चों के प्रति स्नेह का भी सुंदर संदेश दे गया।


अन्य पोस्ट