रायगढ़

चोरी की बाइक बेचने ग्राहक तलाशते युवक गिरफ्तार
10-Apr-2026 7:01 PM
चोरी की बाइक बेचने ग्राहक तलाशते युवक गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 10 अप्रैल। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जूटमिल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां चोरी की दो मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन पर सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जूटमिल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रांसपोर्ट नगर चौक के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दो मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी द्वारा तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया।

पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदेही को पकड़ा, जिसने पूछताछ में अपना नाम बलदेव दास महंत उर्फ नानु (24), निवासी केवाली थाना जोबी जिला रायगढ़ बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने पास रखी दोनों मोटरसाइकिल को चोरी का होना स्वीकार किया।

आरोपी ने खुलासा किया कि उसने 03 अप्रैल की रात पुराना बस स्टैंड मटन मार्केट से पल्सर मोटरसाइकिल तथा 05 अप्रैल को कोडातराई में आयोजित भागवत पंडाल के पास से हीरो पैशन प्रो चोरी की थी। उक्त पैशन प्रो बाइक की चोरी के संबंध में थाना जूटमिल में धारा 303(2) बीएनएस के तहत पहले से मामला दर्ज है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दोनों मोटरसाइकिल जब्त कर उसे वाहन चोरी के अपराध में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।  


अन्य पोस्ट