रायगढ़

चोरी हुई कार 24 घंटे के भीतर बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
09-Mar-2026 9:55 PM
चोरी हुई कार 24 घंटे के भीतर बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 9 मार्च। एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन पर थाना कोतवाली पुलिस ने चौतन्य नगर क्षेत्र से चोरी हुई होंडा सिटी कार के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को चोरी की कार के साथ गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार आरोपी आकाश यादव ने अपने दो साथियों आजाद अली उर्फ बहादूर एवं सोनूखान के साथ मिलकर वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। दोनों अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी पुलिस द्वारा सघन पतासाजी की जा रही है।

मामले के संबंध में 07 मार्च को प्रार्थी मोहम्मद मुनीर मसूरी (46) ने रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि मेसर्स जिंदल पावर लिमिटेड रायगढ़ की होंडा सिटी कार रिपेयरिंग के लिए उनके गैरेज में आई थी। रिपेयरिंग के बाद 06 मार्च को दोपहर में कार को चौतन्य नगर कॉलोनी के सामने खाली स्थान पर खड़ी किया गया था। उसी रात लगभग 8:30 बजे जब कार लेने पहुंचे तो वाहन वहां से गायब मिला।

अज्ञात व्यक्ति द्वारा सफेद रंग की होंडा सिटी कार चोरी कर ले जाने की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा तत्काल आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिरों से जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान तीन व्यक्तियों के वाहन चोरी में शामिल होने की पुख्ता जानकारी मिलने पर पुलिस ने संदेही आकाश यादव को पकडक़र पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों आजाद अली उर्फ बहादूर एवं सोनूखान के साथ मिलकर चौतन्य नगर के सामने से कार चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर सफेद रंग की होंडा सिटी कार जब्त की गई।


अन्य पोस्ट