रायगढ़

मवेशी तस्करी, 3 आरोपी गिरफ्तार
16-Feb-2026 8:41 PM
मवेशी तस्करी, 3 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ, 16 फरवरी। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में मवेशी तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस की प्रभावी कार्रवाई करते  3 आरोपियों से 10 नग गौवंश मुक्त कराया। आरोपियों की पिकअप वाहन, बाइक जब्त किया।

सीमावर्ती जिलों से होकर मवेशी तस्करी पर अंकुश लगाने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन पर विशेष निगरानी रखते हुए पुलिस द्वारा लगातार गश्त और नाकेबंदी की जा रही है। 14 फरवरी की रात्रि गश्त के दौरान पुलिस चौकी जोबी को सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से पायलेटिंग करते हुए मवेशी तस्करों के साथ उनके पिकअप वाहन में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक लादकर ले जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी जोबी सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण राठौर ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर उनके मार्गदर्शन में स्टाफ के साथ अटल चौक पर नाकेबंदी की।

 कुछ समय पश्चात सक्ती की ओर से एक बिना नंबर लाल-काले रंग की होंडा साइन मोटरसाइकिल को रोका गया, जिसका चालक अपना नाम भूपेंद्र यादव, निवासी सिंगीबहार थाना तपकरा जिला जशपुर बताया। उसके पीछे आ रहे पिकअप वाहन को रोककर जांच करने पर चालक पवन राम निवासी बधीमा जिला जशपुर तथा उसके साथ परमेश्वर यादव निवासी सिंगीबहार थाना तपकरा जिला जशपुर मिले। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 10 नग गौवंश को रस्सियों से बांधकर क्रूरतापूर्वक उड़ीसा के बुचडख़ाने ले जाने की तैयारी पाई गई।

 पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिकअप वाहन कीमत 6 लाख रुपये, 10 नग गौवंश कीमत 2.55 लाख रुपये तथा होंडा साइन मोटरसाइकिल कीमत 1 लाख रुपये, कुल 9 लाख 55 हजार रुपये की संपत्ति जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध पुलिस चौकी जोबी (थाना खरसिया) में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10, 11 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी एएसआई लक्ष्मी राठौर तथा हमराह आरक्षक राजेंद्र राठिया, राजेश सिदार, और अश्वनी सिदार की अहम भूमिका रही है। 

इसी तरह धरमजयगढ़ क्षेत्र में जागरूक नागरिकों और पुलिस की तत्परता से 14 नग गौवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम कोन्ध्रा जंगल क्षेत्र में कुछ तस्कर गौवंश को मारते-पीटते हुए बुचडख़ाने ले जा रहे हैं। सूचना पर एएसआई गंगाराम भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां सूचना देने वाले मिलन बाला निवासी दुर्गापुर कॉलोनी धरमजयगढ़ एवं अन्य ग्रामीणों ने बताया कि तीन अज्ञात तस्कर गौवंश को लेकर जा रहे थे, जिन्हें देख पूछताछ करने पर वे मौके से फरार हो गए। पुलिस द्वारा मौके से 14 नग गौवंश को सुरक्षित जप्त कर पशु चिकित्सक से उनका परीक्षण कराया गया तथा उनके चारा-पानी की व्यवस्था की गई। इस मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। 


अन्य पोस्ट