रायगढ़

एयर गन के साथ वीडियो पोस्ट, युवक पर कार्रवाई
12-Feb-2026 5:30 PM
 एयर गन के साथ वीडियो पोस्ट, युवक पर कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 12 फरवरी। रायगढ़ जिले में एयर गन जैसी दिखने वाली वस्तु के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, युवक ने सार्वजनिक मार्ग पर एयर गन का प्रदर्शन करते हुए वीडियो बनाया था, जिसे सोशल मीडिया पर साझा किया गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के आधार पर युवक के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने संबंधित युवक को नोटिस देकर भविष्य में इस प्रकार की गतिविधि नहीं करने की समझाइश दी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों या हथियारनुमा वस्तुओं का प्रदर्शन कर लोगों में भय की स्थिति उत्पन्न करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर साझा की जाने वाली सामग्री पर पुलिस की निगरानी जारी है।


अन्य पोस्ट