रायगढ़
डेढ़ लाख में कराई जबरन शादी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 16 अप्रैल। रायगढ़ पुलिस ने मानव तस्करी और नाबालिग बालिका को देह व्यापार में धकेलने के मामले का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 17 वर्षीय पीडि़ता को सुरक्षित रेस्क्यू कर चार दलालों सहित एक खरीदार आरोपी को मध्यप्रदेश के छतरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध अपहरण, रेप और मानव तस्करी जैसी गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पीडि़ता, जो रायगढ़ जिले की निवासी है, 11 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि कि उसके पिता उसे हमेशा डांट फटकार करते थे जिसके कारण वह एक दिन (26 नवंबर 2025) को गांव के खेल मैदान में थी। उसी समय उसकी परिचित लडक़ी चमेली (परिवर्तित नाम) उसे रायगढ़ काम दिलाने का बहाना देकर बहला फुसलाकर रायगढ़ ले आयी। रायगढ़ के निकले महादेव मंदिर के पास पहले से सक्रिय गिरोह के सदस्य- बिन्दिया रात्रे, अभय यादव, चिकू खान, पूजा उर्फ बॉबी उर्फ चाची से मिलवाया जिनके द्वारा भी बालिका को काम दिलाने का झांसा देकर दूसरे दिन सागर (म.प्र.) लेकर गये। सागर जिले के एक गाँव में बालिका को सुनील नाम व्यक्ति से मंदिर में सुनील से पैसा लेकर जबरन शादी करा दिये और वापस आ गये। सुनील ने जबरजस्ती बालिका के साथ शारीरिक संबंध बनाये।
मौका देखकर बालिका सागर (म.प्र.) से ट्रेन से वापास रायगढ़ आ गई। उसके पिताजी के डर के कारण घर नहीं गई, रायगढ़ में बिन्दिया से मिली, जिसने अपने पास रहना कहकर बहलाफुसला कर धंधा (दुष्कर्म) कराने लडक़ो के पास भेजती और धंधा का पैसा लेती थी।
बालिका के आवेदन पर धारा 137(2), 143, 96, 98, 99, 64, 3(5) बीएनएस, 6 पॉक्सो एक्ट पंजीबद्ध कर बालिका का महिला पुलिस अधिकारी से कथन कराया गया और मेडिकल बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई। पुलिस ने चमेली (परिवर्तित नाम) जो विधि से संघर्ष बालिका है, उसे हिरासत में लेने पर उसने सभी आरोपी एक राय होकर बालिका को सागर मध्यप्रदेश के सुनील दीक्षित नामक व्यक्ति को डेढ़ लाख रूपये में बेचकर विवाह कराना एवं रकम को आपस में बांटना बताया गया। आरोपियों के मेमोरेडम के आधार पर खर्च के बाद बचे 7000 रूपये नगदी एवं मोबाइलों को जब्त किया गया है।
उसके बाद आरोपी सुनील दीक्षित की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम सागर रवाना हुई जिसे भी 13 अप्रैल को जिला छतरपुर उसके गांव में धरदबोचा गया, आरोपी ने अपराध स्वीकार किया है।
अभिरक्षा में ली गई विधि से संघर्षरत बालिका को किशोर न्यायालय तथा अन्य गिरफ्तार आरोपी- बिन्दिया रात्रे, चिकू खान, पूजा उर्फ बॉबी उर्फ चाची और सुनील दिक्षित को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी अभय यादव फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिसटीम प्रयासरत है।


