रायगढ़

राशन की दुकान से चावल और चने की चोरी
02-Feb-2026 3:47 PM
राशन की दुकान  से चावल और  चने की चोरी

रायगढ़, 2 फरवरी। जिले में अज्ञात चोरों ने शासकीय उचित मूल्य की दुकान को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये के चावल और चने की चोरी की है। तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम गोढ़ी में हुई इस घटना के संबंध में गांव की सरपंच द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

 

ग्राम गोढ़ी की सरपंच नानकुमारी सिदार ने तमनार थाने में दर्ज कराई गई अपनी रिपोर्ट में बताया कि वह और उनके पति मिलकर ग्राम गोढ़ी की शासकीय उचित मूल्य की दुकान का संचालन करते हैं। गत दिवस सुबह गांव के ही निवासी संतराम सिदार ने उन्हें दुकान के गेट का ताला टूटा होने की सूचना दी। इस सूचना पर सरपंच अपने पति और अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचीं। वहां उन्होंने देखा कि अज्ञात चोरों ने दुकान से 19 कट्टा चना, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4750 रुपये है, तथा 58.60 क्विंटल चावल में से 25 कट्टा, जिसकी कीमत लगभग 7812 रुपये है, चुरा लिया है। इस प्रकार कुल मिलाकर 12,562.50 रुपये के खाद्यान्न की चोरी हुई है।

ग्राम गोढ़ी की सरपंच की रिपोर्ट के आधार पर तमनार पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पतासाजी के लिए गंभीरता से जांच अभियान चलाया जा रहा है।


अन्य पोस्ट