रायगढ़
रायगढ़, 1 फरवरी। कोतवाली पुलिस ने थानाक्षेत्र से लापता हुई नाबालिग बालिका को रिपोर्ट के महज 24 घंटों के भीतर दस्तयाब कर बड़ी सफलता हासिल की है। साथ ही बालिका को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाले युवक को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
29 जनवरी को बालिका की मां द्वारा थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उनकी नाबालिग बेटी 28 जनवरी की सुबह बिना बताए घर से चली गई है। आसपास क्षेत्र, रिश्तेदारी एवं संभावित स्थानों में पतासाजी के बावजूद बालिका का कोई सुराग नहीं मिला, जिस पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की आशंका व्यक्त की गई। रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ में धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
थाना प्रभारी कोतवाली को गुम बालिका की शीघ्र पतासाजी के निर्देश दिए गए। निर्देशों के पालन में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चक्रधरनगर थाना क्षेत्र से बालिका को आरोपी आशीष चौहान के कब्जे से सुरक्षित दस्तयाब किया। आगे की जांच में बालिका के कथन और मेडिकल पर आरोपी के विरूद्ध पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं तथा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


