रायगढ़

स्वयं के टोकन में किसी अन्य का धान बेचने की कोशिश, 162 क्विंटल धान जब्त
18-Dec-2025 3:06 PM
स्वयं के टोकन में किसी अन्य का धान बेचने की कोशिश, 162 क्विंटल धान जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 17 दिसंबर। धान खरीदी को लेकर शासन के सख्त निर्देशों और लगातार मॉनिटरिंग के बावजूद उपार्जन केंद्रों में शासन के निर्देशों के उल्लंघन की खबर आ रही है। जिले में बंगुरसिया धान उपार्जन केंद्र में धान खरीदी के दौरान शासन के निर्देशों के उल्लंघन पर प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई है। एक किसान द्वारा दूसरे किसान का लगभग 162 क्विंटल धान अपने नाम से विक्रय करने के प्रयास किया जा रहा था, जिसे जब्त किया गया है।             

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि धान उपार्जन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता, फर्जीवाड़ा या दलाली को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि उपार्जन केंद्रों में वास्तविक किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, साथ ही अवैध रूप से धान खपाने वालों पर निरंतर निगरानी रखते हुए कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिला खाद्य अधिकारी चितरंजन सिंह ने बताया कि बंगुरसिया निवासी किसान भरत साव द्वारा निर्धारित टोकन के माध्यम से धान विक्रय हेतु उपार्जन केंद्र लाया गया था। जांच के दौरान यह पाया गया कि संबंधित किसान द्वारा स्वयं के रकबे का धान न लाकर किसी अन्य किसान का धान प्रस्तुत किया गया, जो धान उपार्जन नियमों एवं शासन के स्पष्ट निर्देशों का उल्लंघन है। शिकायत प्राप्त होते ही फूड इंस्पेक्टर अंजनी राव एवं  सिदार द्वारा संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर जांच की गई। जांच में अनियमितता की पुष्टि होने पर 162 क्विंटल धान का पंचनामा तैयार कर तत्काल जब्ती की कार्रवाई की गई।

बहरहाल, धान जब्ती की इस त्वरित कार्रवाई से हेराफेरी करने वालों में हडक़ंप का माहौल है। लालच में आकर किसान ऐसी गैरकानूनी हरकत कर बैठते हैं, जिससे पूरे साल भर की उनकी खून पसीने से कमाई धान जब्त तो हो ही जाती है साथ ही साथ अपमान का भी सामना करना पड़ता है। बेहतर यही है कि शासन के निर्देशों का पालन करते हुए साफ-सुथरा लेनदेन करें।


अन्य पोस्ट