रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 17 दिसंबर। जिले में शराब पीने के दौरान दो लोगों ने अपने ही एक साथी की बेतहाशा पिटाई कर दी। घायल युवक की मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंपते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पदमन कुमार पटेल ने बताया कि उसका चचेरा भाई पुरंजन पटेल देलारी में स्थित बीएस स्पंज प्लांट में काम करते हुए वहां के लेबर क्वाटर में प्रिंस यादव और एक अन्य युवक के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि नौ दिसंबर को पुरंजन पटेल अपने साथी प्रिंस यादव और एक अन्य युवक के साथ शराब सेवन कर रहा था। इस बीच किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों युवकों ने मिलकर पुरंजन की बेतहाशा पिटाई कर दी थी।
इस घटना के अगले दिन पुरंजन अपने गांव छुछुभांठा पहुंचा और अपने चचेरे भाई को सीने में दर्द होने की बात कहते हुए उसके साथ हुए मारपीट की आपबीती बताई। जिसके बाद पुरंजन को कोटमी स्थित एक क्लीनिक में उपचार कराया जा रहा था।
स्थिति में सुधार नहीं होने पर उसे रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के लिये भर्ती कराया गया था। जहां बीती शाम उसकी मौत हो गई। बहरहाल, मेडिकल कालेज अस्पताल में उपचार के दौरान पुरंजन पटेल की मौत हो जाने के बाद चक्रधर नगर पुलिस मर्ग पंचनामा कार्रवाई एवं पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंपते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।


