रायगढ़

भारतमाला परियोजना के टावर निर्माण के दौरान पेड़ कटाई का आरोप
26-Nov-2025 4:18 PM
भारतमाला परियोजना के टावर निर्माण के दौरान पेड़ कटाई का आरोप

राजस्व विभाग से कार्रवाई की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 26 नवंबर। धरमजयगढ़ क्षेत्र में भारतमाला परियोजना के अंतर्गत सडक़ और टावर लाइन निर्माण कार्य के दौरान पेड़ों की कटाई को लेकर शिकायतें सामने आई हैं।  स्थानीय किसानों का कहना है कि टावर लाइन को पुनर्स्थापित करने के कार्य में कई पेड़ काटे गए हैं, जिनका मुआवजा उन्हें नहीं मिला है तथा इस संबंध में किसी प्रकार की अनुमति भी नहीं दिखाई गई।

किसानों का दावा है कि बायसी से धरमजयगढ़ के बीच सडक़ निर्माण के कारण कुछ हाईटेंशन टावरों का स्थान बदला जा रहा है।

 किसानों के अनुसार, इस प्रक्रिया में उनकी ज़मीन और फसलों को नुकसान पहुंचा है, पर मुआवजा प्राप्त नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कई पेड़ों को बिना अनुमति काटा गया है।

टावर निर्माण से जुड़े कर्मचारियों का कहना है कि उनका दायित्व केवल टावर खड़ा करने तक सीमित है और भूमि संबंधी दस्तावेजों व अन्य अनुमतियों की जिम्मेदारी सडक़ निर्माण कर रही कंपनी की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि परियोजना से संबंधित कर्मचारी तहसील कार्यालय में अक्सर दिखाई देते हैं, फिर भी पेड़ कटाई की अनुमति न लेना या मुआवजा का न होना कई प्रश्न खड़े करता  इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रवीण भगत को लिखित शिकायत दी गई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

अधिकारी स्तर से इस विषय पर आधिकारिक प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो सकी है।


अन्य पोस्ट