रायगढ़

रिटायर्ड शिक्षक के घर चोरी
22-Jan-2024 3:36 PM
रिटायर्ड शिक्षक के घर चोरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 22 जनवरी।
रायगढ़ जिले में अज्ञात चोरों द्वारा एक के बाद एक चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है। इसी क्रम में बीती रात चोरों ने एक रिटायर्ड शिक्षक के घर से तिजोरी पार करने की घटना सामने आई है। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार घरघोड़ा के वार्ड नम्बर 11 निवासी एक रिटायर्ड शिक्षक श्रीपति मिश्रा के घर में बीती देर रात अज्ञात चोरों ने दस्तक देते हुए उनके मकान का कूंदा तोड़ते हुए पूजा कमरे में घुसकर सोने चांदी से भरे तिजोरी ले कर फरार हो गए। रिटायर्ड शिक्षक श्रीपति मिश्रा घरघोड़ा के भाजपा नेता प्रेम मिश्रा के चाचा हैं और मकान हनुमान चौक मस्जिद के सामने स्थित है। जहां देर रात तक लोगों का आना जाना लगा रहता है। इसके बावजूद अज्ञात चोरों ने आसानी से चोरी की इस घटना को अंजाम देते हुए पुलिस गश्त पर सवालिया निशान उठा दिया है।

बताया जा रहा है कि बीती रात घर के सदस्य खाना खाकर सो रहे तभी चोरों ने उनके घर में घुस कर तिजोरी ले भागे जिसमें करीबन डेढ़ किलो चांदी के अलावा कुछ सोना था। घटना की जानकारी मिलते ही घरघोड़ा पुलिस मौके पर पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। 

 इस संबंध में घरघोड़ा थाना प्रभारी शरद चंद्रा ने बताया कि बीती रात अज्ञात चोरों के द्वारा एक रिटायर्ड शिक्षक के पुराने मकान में चोरी होनें की सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। इस चोरी की घटना में स्थानीय लोगों के संलिप्त होनें का अनुमान लगाया जा रहा है। संदिग्ध लोगों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। घरघोड़ा के ही शासकीय कालोनी में विगत दिनों चोरी के संबंध में थाना प्रभारी शरद चंद्रा ने कहा कि उस घटना को बाहरी चोर गैंग के द्वारा अंजाम दिया गया था पुलिस के द्वारा उसकी जांच की जा रही है।

विदित रहे कि इससे पहले भी घरघोड़ा के कंचनपुर मार्ग में स्थित शासकीय कालोनी में गत 4,5 जनवरी की रात अज्ञात चोरों ने एक साथ कई शासकीय कर्मचारियों के मकानों के ताला तोड़ते हुए चोरी की घटना को अंजाम देते हुए नायाब तहसीलदार की बाइक भी ले भागे थे। घरघोड़ा पुलिस इस घटना को अंजाम देने वाले चोरों को पकड़ नही पाई है कि चोरों ने एक और चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया है।
 


अन्य पोस्ट