रायगढ़
भाजपा ने लगाए गंभीर आरोप, विधायक ने कहा- भाजपा दलित व महिला विरोधी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 20 अगस्त। रायगढ़ जिले की सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े ने कृष्ण भगवान की फोटो वाली जैसे ही साड़ी पहनी वैसे ही बवाल मच गया है। बवाल इसलिये मचा कि विधायिका की साड़ी में भगवान कृष्ण की फोटो उनके पांव के पास थी। इसके बाद अब भाजपा ने कांग्रेस के विधायिका उत्तरी जांगड़े पर आरोपों की बौछार शुरू कर दी है तो जवाब में उत्तरी जांगड़े ने भी भाजपा पर दलित व महिला विरोधी का आरोप लगाते हुए यहां तक कह दिया है कि उनकी पार्टी महिलाओं का भी विरोध करती है।
उन्होंने इस मामले में गुजरात के बिल्किस बानो प्रकरण में छोड़े गए बलात्कारी और राजस्थान के आरएसएस द्वारा संचालित स्कूल में दलित बच्चे की मौत का हवाला दिया है।
दरअसल, कल सारंगढ़ में कृष्ण जन्म को लेकर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जहां वन विभाग के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में सारंगढ़ विधाक उत्तरी जांगड़े ने जो साड़ी पहनी थी, उसमें भगवान श्री कृष्ण के प्रिंट बने हुए थे। जिसमें से एक प्रिंट पैर के पास दिखाई दे रहा है बाकी प्रिंट भी कई जगह दिखाई दे रहे हैं, लेकिन भाजपा ने इसे कृष्ण भगवान का अपमान बताते हुए विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था और अब विधायिका ने भी भाजपा पर भी पलटवार करते हुए जमकर आरोप लगाए हैं।
भाजपा द्वारा सोशल मीडिया में मचाए गए बवाल पर विधायक उतरी गणपत जांगड़े ने भाजपा पर ही पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस दलित समाज के लोगों को कभी हिंदू नहीं मानती और उनको अपमानित करने का कोई मौका नहीं छोड़ती। यह विषय भी भाजपा की इसी मानसिकता की परिचायक है। उन्होंने कहा कि भाजपा की जातिगत मानसिकता इससे साफ झलकती है।
श्रीमती जांगड़े ने आगे कहा कि भाजपा के लोग दलितों और महिलाओं का सम्मान कभी नहीं करते। गुजरात में 11 बलात्कारियों को जेल से छुड़वा देते हैं और उनका सार्वजनिक सम्मान करते हैं, यहीं नहीं भाजपा विधायक यह भी बयान देते हैं कि वे ब्राह्मण हैं इसलिए उन्हें छोडऩा चाहिए था, भाजपा छत्तीसगढ़ में भी इसी मानसिकता को दोहरा रही है। उनकी इसी जातिगत मानसिकता के कारण ही प्रदेश में उनकी दुर्गति हुई है और वे आज 14 विधायकों तक पहुंच गई है। क्या हम दलित हैं तो हमें भगवान के प्रिंट वाला कपड़ा पहने का हक नहीं है ? क्या भाजपा हमें पूजा के अधिकार से वंचित करना चाहती है ? क्या भगवान सिर्फ भाजपा के ही हैं, हमारे नहीं ? हम भजापियों से ज्यादा अपने धर्म और देवी देवताओं का सम्मान करते हैं।
श्रीमती जांगड़े ने भाजपा को हिदायत देते हुए कहा है कि यहां आरएसएस और भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता नहीं चलने वाली। सतनामी महिला का सोशल मीडिया में अपमान समाज नहीं सहेगा। उन्होंने कहा की राजस्थान में आरएसएस द्वारा संचालित स्कूल में दलित बच्चे की हत्या वहां का प्राचार्य कर देता है। आरएसएस और भाजपा महिला और दलितों का विरोधी है।
इस मामले पर रायगढ़ में भाजपा के नेताओं ने विधायक और कांग्रेस से माफी की मांग की है। बीजेपी आईटी सेल के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आलोक सिंह ने कहा है कि विधायक उत्तरी जांगड़े द्वारा प्रभु श्री कृष्ण के जन्मोत्सव के दिन अपनी साड़ी के माध्यम से अपने चरणों में रखने का दुस्साहस कांग्रेस के सनातन धर्म के प्रति दुर्भावना को इंगित करता है। यह कोई पहली बार नहीं है कि कांग्रेस ने सनातन धर्म के अनुयायियों के भावनाओं के खिलाफ काम किया हो बल्कि इससे पहले कांग्रेस प्रभु श्री राम को काल्पनिक बता चुकी है, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल अयोध्या के श्री राम मंदिर निर्माण के खिलाफ मुकदमा लड़ चुके हैं।
वर्ष 2007 में कांग्रेस श्री राम सेतु के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दे कर उसे तोडऩे का कुत्सित प्रयास कर चुकी है। चुनाव के समय कोट ऊपर जनेऊ पहनने वाले कांग्रेस के राहुल गांधी मंदिर में लोग लड़कियां छेडऩे जाते हैं जैसा घिनौना बयान दे चुके हैं।
दिग्विजय सिंह हिंदुओं को बदनाम करने के इरादे से हिंदू आतंकवाद जैसा शब्द गढ़ चुके हैं। हज के लिए सब्सिडी और अमरनाथ यात्रा पर टैक्स लगाने वाली कांग्रेस की विधायक उत्तरी जांगड़े ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं का अनुसरण करते हुए भगवान लड्डू गोपाल को अपने चरणों में दिखा कर सनातनियों का अपमान किया है। इसकी जितनी निंदा की जाए, वो कम है। कांग्रेस माफी मांगे।
भाजपा के जिला महामंत्री अरुणधर दीवान ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए विधायक से माफी मांगने की बात कह चुके हैं।
इस मामले में कांग्रेस विधायक के अक्रामक जवाब दिए जाने से मामले दलित सतनामी समाज बनाम भाजपा बनने की संभावना है। दरअसल, कृष्ण जन्माष्टमी के दिन सारंगढ़ की विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े ने एक कृष्ण भगवान प्रिंट वाली साड़ी पहनी थी, जिसमें सभी बॉर्डर पर कृष्ण भगवान का चित्र प्रिंट था। उनमें से एक प्रिंट विधायक के पैरों की ओर भी आ गया था, जिसका फोटो सोशल मीडिया में वायरल हो गया और भाजपा ने मुद्दा बना दिया।


