रायगढ़

हाथी के हमले से ग्रामीण घायल
04-Sep-2021 7:05 PM
हाथी के हमले से ग्रामीण घायल

  धरमजयगढ़ क्षेत्र के क्रोंधा गांव की घटना  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 4 सितंबर।
रायगढ़ जिले के वन मंडल धरमजयगढ़ अंतर्गत आने वाले ग्राम क्रोन्धा जंगल में बीती रात एक ग्रामीण हाथी के हमले में गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायल ग्रामीण को एम्बुलेंस की मदद से धरमजयगढ़ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उसकी हालत गम्भीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रायगढ़ भेज दिया है।

इस संबंध में मिली जानकारी मुताबिक हाथी के हमले से घायल हुए युवक का नाम शेखर राठिया है, जो कि खाना खाने के बाद लघुशंका करने खेत के ही पास में गया था , इसी दरमियान उसका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। हाथी ने अपने पैर से युवक के सीने पर कुचलने का प्रयास किया, वहीं नजदीक में गांव के और भी कुछ लोग खाना खा रहे थे, उन्होंने युवक की चीख पुकार सुनकर तुरंत मौके पर दौड़ कर पहुंचे और हाथी को वहां से किसी तरह खदेड़ा। इसके बाद एम्बुलेंस से घायल युवक को धरमजयगढ़ के सिविल अस्पताल में लाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय रायगढ़ भेज दिया गया है। 

डॉक्टरों के मुताबिक हाथी के हमले में घायल युवक के सीने में अंदरूनी चोटें आई है। वन विभाग की ओर से तत्काल सहायता राशि के रूप में दस हजार रुपये की आर्थिक मदद घायल व्यक्ति के परिजनों को दी गई।

यह घटना क्रोन्धा के पडऱीपानी में घटित हुई, वहीं बीट गार्ड आज सुबह से ही अपने कार्यस्थल पर नहीं देखा गया था। जब बीट गार्ड के बारे में पता किया गया, तो उसके हड़ताल में जाने की बात सामने आई। हाथी के हमले के बाद घायल युवक के परिजनों सहित ग्रामीणों में काफी रोष व्याप्त है।
 


अन्य पोस्ट