मुंगेली
दो आरोपी गिरफ्तार
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
मुंगेली, 5 फरवरी। जरहागांव थाना क्षेत्र में दो माह पुरानी रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। बहन से मोबाइल पर बातचीत के संदेह को लेकर हुए विवाद ने मंगलवार रात हिंसक रूप ले लिया, जिसमें चाकू से किए गए हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
फरहदा गांव निवासी अर्जुन साहू ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि करीब दो से ढाई महीने पहले गांव के ही जयपाल उर्फ कल्लू साहू के साथ उसकी बहन से फोन पर बात करने के शक को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। इसी बात को लेकर आरोपी मन में रंजिश पाले हुए था।
दो फरवरी की रात करीब 10:30 बजे फरहदा गांव स्थित खरवरवा तालाब के पास जयपाल साहू ने अर्जुन साहू और कोमल साहू के साथ गाली-गलौज कर हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान हितेश उर्फ हरिओम कश्यप ने चाकू से अर्जुन के पेट और दाहिने हाथ पर वार किया। वहीं, कोमल साहू के पेट में भी चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल कोमल साहू को तत्काल जिला अस्पताल, मुंगेली में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अर्जुन साहू का इलाज जारी है।
घटना की जानकारी के आधार पर जरहागांव थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 109 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने तत्काल कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
जांच के दौरान पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। वारदात में प्रयुक्त बटनदार चाकू और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। साथ ही परिजनों और स्वतंत्र गवाहों के बयान दर्ज किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने बहन से बातचीत के संदेह को ही हमले का कारण बताया। पुलिस ने हितेश उर्फ हरिओम कश्यप (18 वर्ष 10 माह), निवासी बजरंगपारा, जरहागांव और जयपाल उर्फ कल्लू साहू (20 वर्ष), निवासी फरहदा को 3 फरवरी को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 भी जोड़ी गई है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को 4 फरवरी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।


