मुंगेली

सड़कों पर नहीं छोड़ेंगे गौवंश को, डिप्टी सीएम सहित लोगों ने लिया सेवा का संकल्प
09-Aug-2025 3:57 PM
सड़कों पर नहीं छोड़ेंगे गौवंश को, डिप्टी सीएम सहित लोगों ने लिया सेवा का संकल्प

'छत्तीसगढ़' संवाददाता 

मुंगेली, 9 अगस्त। जिले में ‘गौ सेवा संकल्प अभियान शुरू किया गया है। शुक्रवार को इस विषय़ पर एक कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग शामिल हुए। यह अभियान सड़कों पर बेसहारा मवेशियों के कारण हो रही दुर्घटनाओं और पशुहानि को रोकने, साथ ही गायों की सेवा और संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।

कार्यशाला में उप मुख्यमंत्री साव और विधायक मोहले ने गौ मित्र बनने के लिए फॉर्म भरा और लोगों को भी इसमें जुड़ने के लिए प्रेरित किया। साव ने इसे अपने जीवन का सबसे महत्वपूर्ण और यादगार कार्यक्रम बताते हुए कहा कि गौ सेवा समाज और संस्कृति से जुड़ा कार्य है, जिसे जन-जन तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं और यातायात बाधाओं में कमी लाएगा।

सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे गौमाता की सेवा करेंगे, मवेशियों को खुले में नहीं छोड़ेंगे, सड़क पर मिलने पर उन्हें किनारे करेंगे और आसपास के लोगों को भी गौ सेवा के लिए प्रेरित करेंगे। इस मौके पर सूडा द्वारा जिले को 64 सीसीटीवी कैमरे देने के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया गया।

विधायक पुन्नूलाल मोहले ने इस ऐतिहासिक पहल के लिए जिला प्रशासन को बधाई दी और कहा कि यह अभियान पूरे देश के लिए मॉडल बन सकता है। कलेक्टर कुंदन कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर गौ सेवा समितियां बनाई जा रही हैं, मवेशियों की ईयर-टैगिंग होगी और रात में पहचान के लिए रेडियम बेल्ट लगाए जाएंगे।

अभियान के तहत काऊ कैचर, पशु हेल्पलाइन, गौ आधारित आजीविका, पशुपालन में रोजगार, जन्म-मृत्यु पंजीयन और चरवाहे के बिना मवेशी छोड़ने पर रोक जैसी योजनाएं लागू होंगी। अब तक 700 से अधिक गौ मित्र तैयार हो चुके हैं, जबकि एक लाख का लक्ष्य रखा गया है।


अन्य पोस्ट