मुंगेली

देर से पहुंची दमकल गाड़ी, तीन मंजिला दुकान आग से जलकर खाक
10-Feb-2026 2:03 PM
देर से पहुंची दमकल गाड़ी, तीन मंजिला दुकान आग से जलकर खाक

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

मुंगेली, 10 फरवरी। नगर के मल्हापारा में सोमवार रात एक भीषण अग्निकांड में पूनम जनरल स्टोर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। रात करीब 9:30 बजे अचानक लगी आग ने देखते ही देखते तीन मंजिला दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग दूर से ही दहशत में आ गए।

स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन दमकल वाहन घंटों बाद मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। इस देरी ने नगर निकाय की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास के रहवासी और दुकानदारों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी प्रचंड थीं कि प्रयास सफल नहीं हो सके। बाद में कई दमकल वाहनों को मौके पर लगाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पाया जा सका।

इस हादसे में दुकान में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया, जिससे दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग बुझाने के दौरान प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस और नगर निकाय का अमला मौके पर मौजूद रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।  


अन्य पोस्ट