मुंगेली

कत्लखाने ले जाए जा रहे 16 बैल मुक्त, दो आरोपियों को पुलिस ने भेजा जेल
18-Jun-2025 3:02 PM
कत्लखाने ले जाए जा रहे 16 बैल मुक्त, दो आरोपियों को पुलिस ने भेजा जेल

मुंगेली, 18 जून। जिले में अवैध मवेशी तस्करी और क्रूरता के मामलों पर नकेल कसने के लिए पुलिस का ऑपरेशन बाज अभियान जारी है। इसी कड़ी में लालपुर पुलिस ने 16 बैलों को क्रूरता से कत्लखाने ले जाते दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई 14 जून की रात करीब 11.30 बजे की गई, जब ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने हरनाचाका रोड में दबिश दी। वहां चार लोग बैलों को पैदल हांकते हुए कत्लखाने ले जा रहे थे। पुलिस को देखते ही तीन लोग मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को पकड़ लिया गया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम मनीष बांधले (निवासी दाउकापा, थाना जरहागांव) बताया। पूछताछ में उसने अपने साथी लखन बंजारे (निवासी मुसउ नवागांव, थाना फास्टरपुर) और अन्य के साथ मिलकर बैलों को कत्लखाने ले जाने की बात कबूल की।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम 1960 की धारा 11 और छत्तीसगढ़ पशु परिक्षण अधिनियम 2004 की धाराएं 6 व 10 के तहत मामला दर्ज किया। जब्त किए गए 16 बैलों को गवाहों के सामने कब्जे में लिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और डीएसपी एस.आर. धृतलहरे के मार्गदर्शन में की गई।

 


अन्य पोस्ट