महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 25 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष और सांसद रूपकुमारी चौधरी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन को छत्तीसगढ़ की धरती पर उतारने वाला एक जन-हितैषी और समावेशी बजट बताया है।
श्रीमती चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढिय़ा लोगों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब यह बजट ‘ज्ञान’ की प्रगति सुनिश्चित करते हुए राज्य को विकास की गति प्रदान करने के संकल्प को सिद्ध करेगा।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व सांसद श्रीमती चौधरी ने कहा कि हमारी सरकार ने ‘रानी दुर्गावती योजना’ की घोषणा कर बेटियों के भविष्य को सुरक्षित किया है। जन्म लेने वाली बच्चियों को 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर 1.50 लाख रुपये की राशि प्रदान करना प्रदेश की नारी शक्ति के प्रति मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की संवेदनशीलता को दर्शाता है। इसके साथ ही ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत 70 लाख महिलाओं को निरंतर मिल रही सहायता और नई ‘लखपति भ्रमण दीदी योजना’ महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाएगी।
श्रीमती चौधरी ने बजट की ‘संकल्प’ (समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, कुशल मानव संसाधन, अंत्योदय, लाइवलीहुड और पॉलिसी से परिणाम) थीम की सराहना करते हुए कहा कि 1.72 लाख करोड़ का यह बजट छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में खड़ा करेगा।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व सांसद श्रीमती चौधरी ने कहा कि प्रदेश में 23 नए औद्योगिक पार्कों की स्थापना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। इसी प्रकार अबूझमाड़ और जगरगुंडा जैसे क्षेत्रों में 100 करोड़ रु. की लागत से ‘शिक्षा शहर’ का निर्माण बस्तर के भविष्य को बदल देगा। कुनकुरी, मनेन्द्रगढ़ और दंतेवाड़ा में नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और रायपुर में आधुनिक खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला का निर्माण प्रदेश के स्वास्थ्य ढाँचे को मजबूती देगा।
श्रीमती चौधरी ने कहा कि बजट में बस्तर की इंद्रावती नदी पर मातवर और देउरगांव बैराजों के लिए 2,024 करोड़ का प्रावधान किसानों की सिंचाई क्षमता को बढ़ाएगा
साथ ही मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना और पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु होम स्टे योजना से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।


