महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 25 फरवरी। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर कांग्रेस नेता अंकित ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सरकार की वित्तीय नीतियों की आलोचना की है। अंकित ने कहा कि यह बजट जुमला एक्सप्रेस की तीसरी किश्त जैसा है और इसे उन्होंने छलावा करार दिया। उनका आरोप है कि बजट में किए गए प्रावधानों का जमीनी स्तर पर असर स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि विकास संबंधी लक्ष्य वर्ष 2047 तक निर्धारित किए गए हैं, तो वर्तमान योजनाओं की समयबद्ध रूपरेखा स्पष्ट होनी चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि बजट में पूंजीगत व्यय और अधोसंरचना पर खर्च में कमी आई है तथा यह घाटे का बजट है। उनके अनुसार, नए रोजगार सृजन, रसोई गैस सिलेंडर की कीमत, किसानों के लिए बोनस और अन्य घोषणाओं पर स्पष्ट प्रावधान नहीं दिखते।
अंकित ने यह भी कहा कि विभिन्न विभागों के लिए बजट आवंटन का उल्लेख तो किया गया है, लेकिन विकास कार्यों और प्रशासनिक खर्च के बीच स्पष्ट अंतर नहीं बताया गया। उन्होंने महासमुंद मेडिकल कॉलेज के लिए प्रावधान नहीं होने का भी आरोप लगाया।


