महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13फरवरी। बोलेरो वाहन में गांजा की तस्करी कर रहे 4 तस्करों को सिंघोड़ा पुलिस तथा एंटी नारकोटिक्स फोर्स की टीम ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से बड़ी मात्रा में गांजा, घटना में प्रयुक्त वाहन, मोबाइल जब्त किया गया है। आरोपी पुटका चौक के पास दबोचे गए। पुलिस ने पुटका चौक पर घेराबंदी कर एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुल 4 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जिनके पास से कुल 13.10 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया गया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सिल्वर रंग की बोलेरो ग्राम पुटका से गांजा लेकर सरायपाली की ओर आ रही है। सूचना मिलते ही एन्टी नारकोटि टॉस्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की टीम ने एनएच.53 रोड स्थित पुटका चौक पर नाकाबंदी कर दी। संदिग्ध वाहन के पहुंचते ही पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। जिसमें प्लास्टिक की बोरियों के अंदर 11 किलोग्राम गांजा छिपाकर रखा गया था।
पकड़े गए आरोपियों में दो महाराष्ट्र और दो स्थानीय महासमुंद निवासी हैं और साथ मिलकर इस तस्करी को अंजाम दे रहे थे। इनमें उमेश भरत गोरे 23 वर्ष निवासी देवगांव,महाराष्ट्र, विशाल भाउ साहेब मानधरे 21 वर्ष निवासी दावरबाडी महाराष्ट्र, मोहम्मद हबीब 45 वर्ष निवासी छोटे टेमरी बसना महासमुंद, जेहरू कुलदीप 76 वर्ष निवासी पुटका सिंघोड़ा महासमुंद शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से बोलेरो, मोबाइल फोन, गांजा 11 किलोग्राम कीमत 5 लाख 50 हजार रुपए बरामद किया है। आरोपियों ने पूछताछ में आरोपियों स्वीकार किया कि वे यह गांजा पुटका महासमुंद से देवगांव पुणे महाराष्ट्र ले जाने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी, 29.1 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब तस्करी के
सोर्स पॉइंट और श्डेस्टिनेशन पॉइंट की विस्तृत जांच कर रही है ताकि इस नेटवर्क के अन्य मास्टरमाइंड्स तक पहुंचा जा सके। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।


