महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 फरवरी। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 353 ग्राम ओंकारबंद में कल सुबह सडक़ हादसे में एक युवक की मौत हो गई।
ग्राम ओंकारबंद के पास सडक़ पार करते समय एक तेज रफ्तार एलपीजी कैप्सूल वाहन ने युवक को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी अनुसार अशोक विश्वकर्मा अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। घटना से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सडक़ पर चक्काजाम कर दिया। जिससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार नंदिनी वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया और मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए शासन की ओर से 25 हजार रुपए की त्वरित सहायता राशि प्रदान की। तहसीलदार के आश्वासन और सहायता के बाद ग्रामीण शांत हुए और करीब एक घंटे बाद यातायात बहाल हो सका। पुलिस ने एलपीजी वाहन को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दी गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सडक़ पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अशोक विश्वकर्मा 40 वर्ष ग्राम ओंकारबंद के रूप में हुई है। कल सुबह जब अशोक एनएच.353 पार कर रहा था तभी महासमुंद की ओर से बागबाहरा जा रही एलपीजी वाहन क्रमांक सीजी 06 जीटी 5630 ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अशोक के सिर पर गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।


