महासमुन्द
महासमुंद,4 फरवरी। अनुशासनहीनता और लंबे समय से कर्तव्य से अनुपस्थित रहने वाले प्राथमिक विद्यालय कमारडेरा में पदस्थ सहायक शिक्षक अशोक कुमार ठाकुर को डीईओ विजय कुमार लहरे ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जांच रिपोर्ट के अनुसार, सहायक शिक्षक अशोक कुमार ठाकुर 20 सितंबर 2025 से स्कूल से बिना किसी पूर्व सूचना या आवेदन के गायब थे। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीलाधर सिन्हा ने विस्तृत जांच की। जांच में पाया गया कि शिक्षक न केवल स्कूल से अनुपस्थित थे। बल्कि उन्होंने विभाग द्वारा जारी किए गए कारण बताओ नोटिस का जवाब देना भी उचित नहीं समझा। विभागीय सूत्रों के मुताबिक यह पहली बार नहीं है जब उक्त शिक्षक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हों। पूर्व में भी कई बार कार्य में लापरवाही और अनुपस्थिति को लेकर उन्हें नोटिस जारी किए गए थे।
लगातार अनुशासनहीनता और 5 महीने के लंबे अंतराल तक लापता रहने के कारण बीईओ ने निलंबन की अनुशंसा की थी। बीईओ की अनुशंसा और जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे ने निलंबन का आदेश जारी किया है।


