महासमुन्द

लटकते तार से शॉर्ट सर्किट, धान की फसल राख, एक लाख का नुकसान
11-Dec-2025 4:41 PM
लटकते तार से शॉर्ट सर्किट, धान की फसल राख, एक लाख का नुकसान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 11दिसंबर। महासमुंद जिले में बसना विकासखंड अंतर्गत ग्राम गुढ़यिारी में सुरंगी नाला रोड खार स्थित एक किसान के धान की फसल ऊपर 11 केवी विद्युत लाइन गुजरा हुआ है, जो जमीन से बहुत ही नजदीक है। उक्त विद्युत तार एक दूसरे से टकराने से शॉर्ट सर्किट होने के कारण नीचे पक कर तैयार धान की फसल में आग लगने से पूरी फसल जलकर राख हो गई। लगभग 1 लाख रुपए के धान के नुकसान होने की बात किसान द्वारा कही जा रही है।

गुढिय़ारी के किसान कन्हैया नायक ने बताया कि गुढिय़ारी के सुरंगी नाला मार्ग पर स्थित खार में उनके खुद के नाम से एक एकड़ 20 डिसमिल जमीन है। साथ ही आसपास कई किसानों के धान फसल पक कर तैयार हो गई है। इस खार के अन्य हिस्सों में धान कटाई की जा रही है। उनके खेत के ऊपर 11 केवी हाईटेंशन विद्युत तार गुजरा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्युत ठेकेदार की लापरवाही के कारण जमीन से महज 8 से 10 फीट ऊपर है। जो खंभे से लटक रहा है।

उसी तार में कल प्रात: लगभग 10 बजे एक दूसरे से विद्युत तार टकराने से शॉट सर्किट होकर खेत के धान में आग लग गई।  जिससे खेत का अधिकांश धान की फसल जलकर खाक हो गई। किसान कन्हैया नायक ने बताया कि जब देखा तो खेत से आग की लपटें और धुआं देखकर आग को बुझाने के लिए वे दौड़े और आसपास के किसानों, मजदूरों को बुलाया। 30-35 मजदूरों ने जल रही धान की फसल को बुझाने का प्रयास किया। कुछ फसल ही बच पाया। उक्त खेत के आसपास अन्य किसानों के खेत में फसल लगी हुई है। अन्य किसानों और मजदूरों की प्रयास से आसपास के किसानों की धान फसल जलने से बच गई। कृषकों ने आशंका व्यक्त की कि यदि रात में शॉट सर्किट हुई होती तो सैकड़ों एकड़ धान फसल जलकर राख हो जाती।

किसानों का कहना है कि विद्युत ठेकेदार द्वारा लापरवाही पूर्वक विद्युत लाइन को खींचा गया है। इसकी शिकायत विभाग से किए जाने के बाद भी तार को खींच कर व्यवस्थित नहीं किया गया। जिसके कारण यह दुर्घटना घटी है। प्रभावित किसान कन्हैया नायक ने धान फसल जल कर खाक होने से हुए नुकसान की भरपाई के लिए शासन से मुआवजा राशि की मांग की है।


अन्य पोस्ट