महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,9सितंबर। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में योगेश्वर राजू सिन्हा, विधायक महासमुन्द एवं अध्यक्ष.जनभागीदारी प्रबन्धन समिति के मार्गदर्शन एवं प्राचार्य करूणा दुबे की अध्यक्षता में शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रजत जयंती का भव्य शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में देवी चंद राठी, उपाध्यक्ष नगरपालिका परिषद महासमुंद, विशिष्ट अतिथि के रूप में पवन पटेल, पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका परिषद महासमुंद,गुलाब ठाकुर, जनभागीदारी समिति सदस्य साथ ही कार्यक्रम की संयोजक डॉ.मालती तिवारी, सहसंयोजक अजय कुमार राजा एवं कार्यक्रम प्रभारी डा. दुर्गावती भारतीय मंचस्थ रही।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो करुणा दुबे ने रजत महोत्सव के विषय में विस्तार से जानकारी देते हुए स्वागत भाषण दिया। मुख्य अतिथियों ने छत्तीसगढ़ राज्य की उपलब्धियों पर अपने विचार व्यक्त किए। देवीचंद राठी ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य ने अपनी स्थापना के बाद से ही कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है साथ ही प्रदेश ने आर्थिक, सामाजिक, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई ऊंचाईयों को प्राप्त किया है। पवन पटेल ने अपने उद्बोधन में राज्य की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के महत्व पर जोर दिया। गुलाब ठाकुर ने अपने अनुभव साझा करते हुए राज्य के विकास में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ से संबंधित क्विज प्रतियोगिता, मेरे सपनों का छत्तीसगढ़ एवं छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत विषय पर भाषण प्रतियोगिता और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 छात्रों के सर्वाधिक विकास में योगदान विषय पर ग्रुप डिस्कशन का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में छात्रों ने बढ़-चढक़र भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
क्विज प्रतियोगिता में योशिका ठाकुर, आर्यन देवांगन,कु मधुबाला ने क्रमश: प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।
भाषण प्रतियोगिता में दुर्गा बारिहा प्रथम स्थान में रही। रिचा चंद्राकर एवं दिनेश साहू द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे। ग्रुप डिस्कशन में भी कई छात्रों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रथम स्थान पर छात्र इतवारी तुलसी विजय एवं दुर्गेश, द्वितीय स्थान पर अंजलि साहू,भूपेंद्र, नागेश, अजीत बेहरा एवं सोनिया दीवान की ग्रुप, तृतीय स्थान पर योगेश कुमार, तमेश कुमार,करण एवं समीर सेवई रहे। अंतिम में आभार प्रदर्शन डॉ.दुर्गावती भारतीय कार्यक्रम प्रभारी द्वारा दिया गया। उन्होंने सभी अतिथियों, छात्रों और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी का धन्यवाद किया। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों और छात्रों के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर सभी ने छत्तीसगढ़ राज्य की प्रगति और विकास के लिए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की। मंच संचालन आशुतोष पुरी गोस्वामी के द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालयीन स्टाफ. केशरचन्द्र बनपाल, डा. प्रियंका चक्रधारी,मनीषा प्रधान, डा. जीवन चन्द्राकर, डा. कलम रेखा एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।