महासमुन्द

उठाव नहीं, महासमुंद में अब भी 2 लाख क्विंटल धान खुले आसमान के नीचे
15-Jul-2025 4:15 PM
उठाव नहीं, महासमुंद में अब भी 2 लाख  क्विंटल धान खुले आसमान के नीचे

पिथौरा धान संग्रहण केंद्र पहुंचे कलेक्टर ने जताई नाराजगी

धान के भंडारण, सुरक्षा, परिवहन और उठाव का जायजा लिया, सडक़ मरम्मत के भी निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,15 जुलाई। जिले में बारिश के कारण धान भीगने का खतरा बना हुआ है। बावजूद अभी तक धान संग्रहण केन्द्रों से धान का उठाव नहीं हो पाया है। बारिश के दौरान धान भीगने से सरकार को करोड़ों रुपए का नुकसान होगा। हालांकि जिला प्रशासन के द्वारा संग्रहण केन्द्रों में तिरपाल से धान को ढके होने का दावा कर नुकसान नहीं होने की बात कही जा रही है।

मालूम हो कि जिले में 2.53 लाख क्विंटल धान का भंडारण किया गया था। इसमें से 50 हजार क्ंिवटल धान का डीओ कटा है, जिसका उठाव शुरू हो गया। लेकिन अभी भी 2 लाख क्विंटल धान खुले आसमान के नीचे पड़े हुए है। पिथौरा स्थित धान संग्रहण केंद्र का कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान के भंडारण,सुरक्षा, परिवहन और उठाव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने धीमी गति से हो रहे उठाव पर नाराजगी जताई। कलेक्टर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कार्य में लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। इसका अधिकारी कर्मचारी विशेष ध्यान रखें। इस मौके पर पिथौरा एसडीएम ओंकारेश्वर सिंह, जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव, डीएमओ डिगेंद्र राठौर और नान के अधिकारी मौजूद थे।

कलेक्टर ने गोदामों की साफ. सफाई, तिरपाल व्यवस्था, नमी नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधों का भी अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केंद्र में कार्यरत सभी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाएं और उठाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखें। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए धान का जल्द से उठाव करने कहा। ताकि धान की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण रखरखाव किया जा सके।

         

      कलेक्टर ने कहा कि धान भीगने या खराब होने की स्थिति में संभावित नुकसान को रोकना सुनिश्चित करें। इस मौके पर डीएमओ डिगेंद्र राठौर ने बताया कि यहां कुल 2 लाख 53 हजार क्विंटल धान का भंडारण किया गया है। जिसमें 50 हजार क्विंटल धान का डीओ डिलिवरी ऑर्डर पहले ही कट चुका है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित परिवहन एजेंसी और फूड विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस धान का तत्काल उठाव प्रारंभ किया जाए और परिवहन में किसी भी प्रकार की देरी न हो। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संग्रहण केंद्र तक पहुंचने वाले मार्ग की स्थिति देखते हुए कहा कि बरसात में कीचड़ और जलभराव से उठाव कार्य प्रभावित न हो। इसके लिए सडक़ की मरम्मत मुरूम या गिट्टी से शीघ्र ही करें। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक दिवस उठाव की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही कार्य में लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट