ताजा खबर
2 नक्सली ढेर, 1 शव बरामद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 3 अप्रैल। आज संयुक्त ऑपरेशन से वापस तर्रेम लौट जवानों पर घात लगाए नक्सलियों ने हमला कर दिया। इस हमले में 3 पुलिसकर्मी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो जवान शहीद हो गए। वहीं 20 जवान घायल हैं। इस दौरान जवानों ने 2 नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया है। इनमें से 1 महिला नक्सली का शव बरामद कर लिया गया है। घायल जवानों को अस्पताल लाया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक बीजापुर व सुकमा से डीआरजी, कोबरा बटालियन, सीआरपीएफ व एसटीएफ के करीब 4 सौ से ज्यादा जवान संयुक्त ऑपरेशन पर निकले थे। एंटी नक्सल ऑपरेशन के बाद सुकमा के जवान वापस निकल गए और बीजापुर के जवान वापस तर्रेम लौट रहे थे। इसी बीच शनिवार दोपहर 12.30 बजे के करीब तर्रेम थाना क्षेत्र के जोनागुड़ा के पहाडिय़ों में घात लगाए नक्सलियों ने जवानों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी।
नक्सलियों के हमले का जवाब देते हुए जवानों ने मोर्चा संभाला और जवाबी हमला किया। दोनों तरफ से करीब 3 घंटे से ज्यादा चली मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबल के 5 जवान नक्सलियों से लोहा लेते हुए शहीद हो गए। शहीद हुए जवानों में 2 बस्तरिया बटालियन, 2 डीआरजी व 1 कोबरा बटालियन के जवान शामिल हैं। वहीं मुठभेड़ में 12 जवान घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने 2 नक्सलियों को मार गिराया है। इनमें से एक महिला नक्सली का शव बरामद कर लिया गया हैं।
बताया गया है कि जवानों की नक्सलियों के जिस टीम के साथ मुठभेड़ हुई है। वह झीरम कांड का मास्टर माइंड नक्सली कमांडर हिड़मा की टीम थी। जिसे वह खुद लीड कर रहा था।
सुकमा व बीजापुर की सीमाई क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में नक्सली जवानों पर पहाडिय़ों से गोलियां बरसा रहे थे। इधर घायल जवानों को अस्पताल लाने 9 एम्बुलेंस तर्रेम भेजी गई है। वहीं आपात स्थिति को देखते बीजापुर में दो एमआई-17 हेलीकाप्टर भी पहुंच चुकी है।





