ताजा खबर

एक नक्सल जोड़ा समेत 4 ने छोड़ा हथियार
23-Mar-2021 1:31 PM
एक नक्सल जोड़ा समेत 4 ने छोड़ा हथियार

   22 लाख के ईनामी नक्सलियों ने गढ़चिरौली में किया समर्पण   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 मार्च।
गढ़चिरौली के बीहड़ इलाकों के 4 कुख्यात नक्सलियों ने मंगलवार को पुलिस के समक्ष हथियार डालकर समर्पण किया है। इसमें एक नक्सल जोड़ा भी शामिल है। चारों नक्सलियों पर करीब 22 लाख रुपए का महाराष्ट्र सरकार का ईनाम था। सभी ने नक्सली रहते दर्जनों अपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है। गढ़चिरौली पुलिस के समक्ष सभी के हथियार डालने से पुलिस को नक्सल लड़ाई में मनोवैज्ञानिक लाभ मिलने का भरोसा है। 

मिली जानकारी के मुताबिक दिनेश उर्फ दयाराम (28 साल), नकुल उर्फ सुकालूराम मरावी (35 साल), नीला रूषी कुमरे (34 साल) व शरद उर्फ रमेश आतला (26 साल) ने गढ़चिरौली एसपी अंकित गोयल के सामने समर्पण किया है। समर्पण करने वाले नक्सलियों को गुलदस्ता देकर अफसरों में मुख्यधारा में लौटने पर स्वागत किया। बताया जा रहा है कि दिनेश 2007 से नक्सलियों के साथ रहा। वर्तमान में वह भामरागढ़ एरिया कमेटी का कमांडर रहते हुए सक्रिय रहा। उस पर 8 लाख रुपए का ईनाम था। इसी तरह नकुल  ने 2003 से नक्सली रहते हुए कई अपराधों को अंजाम दिया। उस पर भी महाराष्ट्र सरकार ने 8 लाख रुपए का ईनाम घोषित कर रखा था। सरेंडर नक्सलियों में एक मात्र नीला रूषी कुमरे पर भी 2 लाख रुपए का ईनाम था। नीला भी नक्सल संगठन में 2005 से सक्रिय थी।   

नीला ने आज अपने साथ समर्पण करने वाले नक्सली नकुल उर्फ सुकालू राम से 2007 में विवाह किया था। दोनों संगठन में पति-पत्नी के तौर पर काम कर रहे थे। इधर शरद उर्फ रमेश आतला ने भी समर्पण किया है। उस पर 4 लाख रुपए का ईनाम घोषित था। इस संबंध में गढ़चिरौली डीआईजी संदीप पाटिल ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि आत्मसर्पण की नक्सल नीति से प्रभावित होकर आज नक्सलियों ने हथियार छोड़ा है। मुख्यधारा में लौटकर अब सभी सामान्य जीवन जीने के लिए स्वतंत्र रहेंगे। यहां यह बता दें कि  2019 से 2021 की अवधि में गढ़चिरौली में कुल 37 नक्सलियों ने हथियार छोड़ा है। जिसमें 4 डीवीसी, 2 दलम कमांडर, 2 उप दलम कमांडर, 28 सदस्य और एक जनमीलिशिया नक्सली सदस्य शामिल है। गढ़चिरौली में पुलिस को लगातार कामयाबी मिल रही है। डीआईजी संदीप पाटिल और एसपी अंकित गोयल लगातार नक्सलियों की 'घर वापसी’ के लिए कोशिश कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट