ताजा खबर

सीएम को काला झंडा दिखाने की तैयारी में बैठे नांदगांव भाजयुमो अध्यक्ष गिरफ्तार
27-Feb-2021 2:42 PM
सीएम को काला झंडा दिखाने की तैयारी में बैठे नांदगांव भाजयुमो अध्यक्ष गिरफ्तार

गिरफ्तारी के विरोध में कोतवाली में नारेबाजी-प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 फरवरी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के राजनांदगांव जिले में शनिवार को प्रवास के विरोध में भाजयुमो द्वारा काला झंडा दिखाने के ऐलान के फौरन बाद पुलिस ने जिलाध्यक्ष मोनू बहादुर को भवानी नगर स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से भडक़े भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कोतवाली थाना में हंगामा खड़ा कर दिया। कोतवाली पुलिस का विरोध करते हुए कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। 

डोंगरगढ़ विधानसभा के लालबहादुर नगर में आयोजित एक समारोह में शिरकत करने के लिए मुख्यमंत्री बघेल को पहुंचना है। इससे पहले भाजयुमो ने अलग-अलग विंगों को लेकर विरोध स्वरूप काला झंडा दिखाने का ऐलान कर दिया था। भाजयुमो का आरोप है कि बेरोजगारी भत्ता देने के वायदे पर ध्यान देने के बजाय मुख्यमंत्री कोविड-19 के शर्तों का उल्लंघन करते हुए लोक मंडई जैसा जनसामुहिक कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। इससे संक्रमण फैलने का जहां अंदेशा है। वहीं मुख्यमंत्री की समझ पर भी सवाल उठ रहा है। भाजयुमो का आरोप है कि प्रदेश में बेरोजगारों को छलने का काम कांग्रेस सरकार द्वारा किया जा रहा है। वायदों को पूरा करने के बजाय मुख्यमंत्री सरकारी कार्यक्रमों में मस्त है। काला झंडा दिखाए जाने से पहले ही भाजयुमो अध्यक्ष को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष मोनू बहादुर को थाना लाने के बाद कार्यकर्ताओं ने कोतवाली थाना का घेराव कर दिया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष व युवा मोर्चा जिला महामंत्री किशुन यदु ने कहा कि मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाने का आह्वान किया गया था। एलबी नगर मंडल के सभी मोर्चा के पदाधिकारियों को थाना में बिठाया गया है, जो लोकतंत्र की हत्या है। विपक्षी नेता होने के नाते हमारा अधिकार बनता है कि प्रशासन में बैठे लोग अगर गलती करते हैं या अपने वायदे को अधूरा छोड़ते हैं उसे याद दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि हम मुख्यमंत्री को याद दिलाना चाहते हैं कि चुनाव से पूर्व क्या घोषणा की थी। उन्होंने घोषणा की थी कि बेरोजगारों को हर माह 2500 रुपए दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते मुख्यमंत्री ऐसे कार्यक्रमों पर रोक लगाए। कलेक्टर ने आदेश निकाला था कि ऐसे कोई कार्यक्रम नहीं होंगे, लेकिन कलेक्टर स्वयं इस कार्यक्रम की मेजबानी कर रहे हैं। 

एलबी नगर में कार्यक्रम के अलावा 50 जोड़ों का वैवाहिक कार्यक्रम रखा गया है। ऐसे में एक स्थान पर 50 जोड़ों का विवाह होना कोरोना को आमंत्रित करना है। उन्होंने कहा कि कलेक्टर अपने निर्णय में समीक्षा कर ऐसे आयोजनों पर पूरी तरह से बैन लगाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अभी थाना का घेराव किया गया है। आगामी दिनों जिला कार्यालय का भी घेराव किया जाएगा।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष मोनू बहादुर सिंह ने कहा कि दो विषयों 2500 रुपए बेरोजगारी भत्ता और दो दिन पहले कलेक्टर ने कोरोना को लेकर गाईड लाइन जारी किया था, उसके विरोध में युवा मोर्चा विरोध प्रदर्शन करने वाले थे। उसके पूर्व ही एलबी नगर मंडल और शहर के कार्यकर्ताओं को नजर बंद कर दिया गया है। पुलिस द्वारा दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा ऐसे धमकियों से डरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारों को उनका हक नहीं दिया गया तो आगे उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।

 


अन्य पोस्ट