ताजा खबर

देवास में शिकारियों ने फॉरेस्ट गार्ड की गोली मारकर हत्या की
06-Feb-2021 8:17 AM
देवास में शिकारियों ने फॉरेस्ट गार्ड की गोली मारकर हत्या की

देवास (मप्र), 6 फरवरी | मध्य प्रदेश के देवास जिले में शिकारियों ने फॉरेस्ट गार्ड (वन रक्षक) की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना को वन मंत्री विजय शाह ने गंभीर मानते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। मिली जानकारी के अनुसार वन रक्षक मदनलाल वर्मा पुंजापुरा रेंज के रतनपुर जंगल में कुछ शिकारियों को देखा तो उन्होंने शिकारियों को ललकारा और मोटर साइकिल से उनका पीछा करते हुए अपने मोबाइल से वीडियो भी बनाया।

इस दौरान बंदूक लहराते हुए शिकारियों ने वन रक्षक पर बंदूक से फायर कर दिया, गोली लगते ही वर्मा जमीन पर गिर गए। वर्मा घायल हो गए और शिकारी वहां से भाग गए। वर्मा की बाद में मौके पर ही मौत हो गई।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि "वर्मा द्वारा बनाए गए वीडियो में शिकारी तो नजर नहीं आ रहे हैं, हां वर्मा यह कहते जरुर सुनाई दे रहे है कि क्यों भाग रहे हो, रुक जाओ, चलाओ गोली। बदमाशों ने जो फायर किया उसकी भी आवाज है वीडियो में"।

वहीं राज्य के वन मंत्री विजय शाह ने इस घटना को गंभीर मानते हुए दोषियों पर कार्रवाई की बात कही है। साथ ही वन अमले की सुरक्षा पर भी जारे दिया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट