ताजा खबर

भूपेश की राहुल से असम चुनाव पर चर्चा
05-Feb-2021 1:13 PM
भूपेश की राहुल से असम चुनाव पर चर्चा

  धान खरीद का भी दिया ब्यौरा  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 फरवरी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शुक्रवार को दिल्ली में पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। करीब आधे घंटे की इस मुलाकात में श्री बघेल की असम चुनाव पर विशेष रूप से चर्चा होने की खबर है। 

श्री बघेल असम में कांग्रेस के चुनाव प्रभारी हैं। मुख्यमंत्री पिछले दिनों असम दौरे पर गए थे, और वहां कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक भी की थी। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की एक टीम भी असम में डटी हुई है। इन सबके बीच श्री बघेल की राहुल से मुलाकात हुई है। 

सूत्रों के मुताबिक श्री बघेल करीब सवा 11 बजे दस जनपथ पहुंचे, और वे पौने 12 बजे तक वहां रहे। इस दौरान राहुल गांधी से असम चुनाव पर चर्चा हुई है, वहां की स्थितियों की जानकारी दी है। इससे परे  मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की राजनीतिक स्थिति को लेकर राहुल से चर्चा की है। 

उन्होंने धान खरीदी की विस्तार से जानकारी दी, और बताया कि प्रदेश में पिछले 20 सालों में सबसे ज्यादा समर्थन मूल्य पर धान खरीद हुई है। राजीव न्याय योजना के तहत उन्हें अंतर की राशि दी जा रही है। कुल मिलाकर 25 सौ रूपए प्रति क्विंटल में धान खरीद हुई है, और यह देश में सर्वाधिक है। राहुल के साथ चर्चा में किसान आंदोलन के समर्थन में कांग्रेस की पदयात्रा का भी ब्यौरा दिया, और बताया कि रोज 10 से 15 किमी यात्रा निकलेगी। बाद में मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी और अन्य नेताओं से मुलाकात की। 


अन्य पोस्ट