ताजा खबर

कार की डिक्की से 36 किलो चांदी-12 लाख 70 हजार नगद बरामद
03-Feb-2021 6:05 PM
कार की डिक्की से 36 किलो चांदी-12 लाख 70 हजार नगद बरामद

वाहन चालक सहित तीन गिरफ्तार, सभी आरोपी उत्तरप्रदेश के

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 3 फरवरी।
महासमुन्द पुलिस ने  कार में 36.270 किलो चांदी और 12 लाख 70 हजार रुपए नगद के साथ वाहन चालक सहित तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार शाम पौने पांच बजे सथानीय कंट्रोल रूम में एक पत्रकार वार्ता लेकर एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, एएसपी मेघा टेम्भुरकर ने जानकारी दी है कि आरोपी अपनी कार में सीट के पीछ चेम्बर बनाकर उसमें नगदी और चांदी को छिपाकर ले जा रहे थे। गिरफ्तार दोनों आरोपी आपस में जीजा साले हैं और उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं।

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के मुताबिक एसडीओपी लितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बागबाहरा उप निरीक्षक स्वराज त्रिपाठी को  2 फरवरी को सूचना मिली कि एक संदिग्ध वाहन में नगदी रकम एवं चांदी लेकर कुछ लोग खरियार रोड से महासमुन्द की ओर आ रहे हंै। सूचना तस्दीक के लिए श्री त्रिपाठी अपने साथी जवानों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग 353 पर थाना के सामने चण्डी मंदिर मोड़ के पास पहुंचकर कार का इंतजार करने लगे। तभी मारुति नियाज कार वहां पहुंची और कार की तलाशी ली गई। इस दौरान कार की डिक्की के अंदर बने चेम्बर में 36.270 किलो ग्राम चांदी तथा नगदी रकम 12 लाख 70 हजार रुपए रखा मिला। वाहन में मिले नगदी रकम एवं चांदी के ज्वेलरी सम्बंधित कागजात आरोपियों के पास नहीं थे। आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम  सचिन कुमार गुप्ता उम्र 30 साल साकिन अंसल नगर थाना ताजगंज आंगरा उत्तर प्रदेश और सचिन गुप्ता उम्र 32 साल साकिन जंगजीत नगर थाना सदर आगरा उत्तर प्रदेश बताया है। जबकि वाहन चालक का नाम बॉबी झा उम्र 22 साल साकिन राजपुर चुंगी थाना ताजगंज आगरा उत्तरप्रदेश है।     

 पुलिस के मुताबिक सचिन कुमार गुप्ता केघर में अर्णव ज्वेलर्स के नाम से चांदी की दुकान हैं। वह अपनी पत्नी के भाई सचिन गुप्ता  के साथ मिलकर चांदी का कारोबार करता है। आगरा से लगभग 70 किलो ग्राम की ज्वेलरी को बिक्री करने हेतु दोनों ओडिशा के विभिन्न ज्वेलरी शॉप में लाए थे। ओडिशा  के ज्वेलर्स को बिक्री के बाद मिले रकम व शेष बचे ज्वेलरी-कच्ची चांदी को लेकर वापस आगरा जा रहे थे। दोनों के पास कच्ची चांदी तथा शेष ज्वेलरी के सम्बंध में कोई दस्तावेज नहीं मिले। लिहाजा जप्ती पत्रक बनाकर गवाहों के सामने डिक्की में रखे चांदी कुल वजनी 36.270 किलो ग्राम जुमला कीमती करीब 25 लाख 38 हजार 900 रुपये, नगदी रकम 12 लाख 70 हजार रुपए, वाहन कीमती 8 लाख रुपये, कुल जुमला 46 लाख 8 हजार 900 रुएये को धारा 102 जा.फौ. के तहत जब्त किया गया। गहनों एवं नगदी रकम को सीलबंद कर दिया गया है। इस कार्रवाई  में थाना प्रभारी स्वराज त्रिपाठी, आरक्षक भूपेंद्र चंद्राकर, आरक्षक एकलव्य बैस, विक्रम लहरे, मेहत्तर साहू का विशेष योगदान रहा।


अन्य पोस्ट