ताजा खबर

लोक संपर्क ब्यूरो ने मुझे दिया प्लेटफॉर्म- पद्मश्री बारले
28-Jan-2021 7:55 PM
लोक संपर्क ब्यूरो ने मुझे दिया प्लेटफॉर्म- पद्मश्री बारले

रायपुर 28 जनवरी। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय रायपुर के कलाकार डॉ. आर. एस. बारले ने पद्म पुरस्कार के लिए चयनित होने को विभाग का सम्मान बताया है। पंथी नृत्य के ख्याति प्राप्त कलाकार डॉ आर. एस. बारले ने कहा कि मैं 20 साल से लोक संपर्क ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के लिए कार्य कर रहा हूँ। विभाग द्वारा दिये गए प्लेटफॉर्म के माध्यम से मुझे छत्तीसगढ़ के लोगों तक अपनी कला पहुंचाने और हुनर दिखाने का अवसर मिला। 

विश्व के सबसे तेज नृत्य और शारीरिक दमखम को इंगित करने वाले पंथी नृत्य के ख्यात नर्तक डॉ. आर.एस. बारले का चयन इस वर्ष पद्म पुरस्कार के लिए किया गया है। डॉ राधेश्याम बारले  लगभग साढ़े चार सौ साल पुरानी इस पारम्पारिक लोकनृत्य की साधना में विगत 40 वर्षो से साधना रत हैं एवं इसे आगे बढ़ाने हेतु कार्य कर रहें हैं। भारत सरकार ने लोक नृत्य के प्रति उनके समर्पण एवं योगदान को देखते हुए उन्हे पद्म श्री के लिए चयनित किया है। 

भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रचार अभियानों के तहत  डॉ. बारले नें विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यकमों की प्रस्तुति पंथी नृत्य के माध्यम से दिया है जिसमें नशाबंदी, दहेज प्रथा, स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओ, परिवार नियोजन, साक्षरता, कुष्ट उन्मूलन, पर्यावरण, पल्स  पोलियो, मिशन इंद्रधनुश अभियान, कैंसर एवं एड्स आदि विषयों पर सैकड़ो मंचीय प्रस्तुतियाँ कि हैं। 

9 अक्टूबर 1966 को ग्राम खोला, पोस्ट - धमना, तह. पाटन, जिला - दुर्ग में जन्में  डॉ. आर.एस. बारले का पूरा नाम डॉ. राधेश्याम बारले है। इन्होंनें एम.बी.बी.एस. के साथ ही इंदिरा कला संगीत विश्व विद्यालय से लोक संगीत में डिप्लोमा भी किया है। वे आकाशवाणी केंद्र, एवं दूरदर्शन के भी नियमित कलाकार हैं। इन्हें राज्य अलंकरण गुरु घासीदास सामाजिक चेतना एवं दलित उत्थान सम्मान, राज्य अलंकरण देवदास बंजारे सम्मान, राज्य अलंकरण डॉ. भवर सिंह पोर्ते आदिवासी सेवा सम्मान प्राप्त हो चुका है। डॉ. आर.एस. बारले पंथी के साथ ही नाट्य विधा के भी सिद्धस्थ कलाकार हैं और  छत्तीसगढ़ के कई रंगमंचों  में अभिनय भी किया है। (PIB)


अन्य पोस्ट