ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 जनवरी। धान खरीद में अव्यवस्था के खिलाफ भाजपा के प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि रमन सरकार में कोरोना संक्रमण नहीं था। बारदाने की आपूर्ति में बाधा नहीं होती थी। बावजूद इसके अव्यवस्था रहती थी। उन्होंने पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह से पूछा है कि केन्द्र सरकार ने धान-बोनस पर रोक लगाई है, वह गलत है अथवा नहीं। इसका जवाब देना चाहिए।
जगदलपुर से लौटने के बाद मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री ने रमन सिंह के उस बयान पर तीखा हमला बोला है, जिसमें उन्होंने कहा था कि सरकार वादे के बावजूद किसानों से 25 सौ रूपए क्विंटल में धान नहीं खरीद रही है। श्री बघेल ने कहा कि रमन सिंह मुर्खो जैसी बातें कर रहे हैं।
केन्द्र सरकार ने बोनस देने पर रोक लगा रखी है। रमन सिंह को बताना चाहिए कि बोनस पर रोक लगाने का केन्द्र का फैसला गलत है, अथवा नहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि रमन सिंह के कार्यकाल में कोरोना संक्रमण नहीं था। जुट मिलें बंद नहीं थीं। बारदाने की आपूर्ति में रूकावट नहीं थी। बावजूद इसके धान खरीदी में अव्यवस्था थी। कई बार इसको लेकर आंदोलन भी करना पड़ा था। लेकिन इस बार जुट मिले बंद हैं। फिर भी किसी तरह बारदाने की व्यवस्था कर धान खरीदी बेहतर ढंग से हो रही है।


