ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 दिसंबर। प्रदेश भाजपा ने आज यहां आजाद चौक पर सत्याग्रह आंदोलन करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने आत्महत्या करने वाले किसानों के परिजनों को 25-25 लाख मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसान परेशान होकर आत्महत्या के लिए मजबूर हो रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याएं दूर नहीं कर पा रही हैं।
सत्याग्रह आंदोलन में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर, राजेश मूणत आदि प्रमुख रूप से बैठे रहे। इस दौरान वे पंजीकृत किसानों की धान खरीदी में वृद्धि, प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदने की मांग भी करते रहे।
रमन का सीएम पर पलटवार
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने सीएम भूपेश बघेल पर पलटवार करते हुए कहा कि हिटलर सत्ता बचाने के लिए अपने प्रचार तंत्र का उपयोग करता था। आज किसके पास सत्ता है और कौन अपने प्रचार तंत्र का प्रयोग कर रहा है। सरकार 25 हजार करोड़ के घाटे में चल रही है। ट्रांसफर उद्योग चरम पर है। छत्तीसगढ़ की जनता में अगर नाम ले लो कि हिटलर कौन है, तो मुख्यमंत्री का चेहरा सामने आ जाता है।


